ABC News: 34 महीने बाद जेल से रिहा हुए पूर्व विधायक इरफान सोलंकी देर रात कानपुर में जाजमऊ स्थित अपने घर पहुंच गए. उनके घर पहुंचते ही समर्थकों ने आतिशबाजी कर पूर्व विधायक का स्वागत किया. यहां पर देर रात से सुबह तक पूर्व विधायक इरफान सोलंकी से मिलने वालों का तांता लगा रहा.
यहां पर पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधायक ने सपा मुखिया अखिलेश यादव का आभार जताया, जिन्होंने जेल में रहते हुए भी उनके परिवार का साथ दिया. इरफान सोलंकी ने कहा कि 34 महीने बाद खुली हवा में सांस ली है. उन्होंने कहा कि जल्द ही वह अपने लोगों के साथ बैठकर जेल में इतने दिन कैसे बीते इसे लेकर विस्तार से बात करेंगे. उन्होंने कहा कि शहर के लोगों के सहयोग की वजह से उनके जेल में रहते उनकी पत्नी विधायक बनीं. इस दौरान उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि जो काम उन्होंने किया ही नहीं है, उसका डर कैसा. इस दौरान अगले एक सप्ताह में प्रेस कांफ्रेंस कर काफी बातों का खुलासा करने की भी बात उन्होंने कही. बात जब दो सीटों पर चुनाव लड़ने की आयी, तो उन्होंने कहा कि कानपुर में पांच सीटों में तीन सपा के पास हैं, बाकी दो सीट खाली हैं. हालात बदलते जरूर हैं, दो सीटों पर चुनाव तो जरूर लड़ा जाएगा. ईडी वाले मामले को भी उन्होंने बेबुनियाद बताया.
पिता की कब्र पर पढ़ा फातिहा
वहीं, दोपहर में विधायक अमिताभ बाजपेयी, मो. हसन रूमी समेत अन्य सपा नेताओं ने घर जाकर पूर्व विधायक से मुलाकात की. शाम को इरफान अपने भाई रिजवान समेत अन्य समर्थको के साथ चुन्नीगंज स्थित कब्रिस्तान पहुंचे और यहां पर अपने पिता की कब्र पर फूल, चादर चढ़ाकर फातिहा पढ़ी.

