ABC News: कानपुर में मिशन शक्ति के तहत पहली बार कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं को निशुल्क मिड डे मील योजना का शुभारंभ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में शुरू हुआ. योजना का शुभारंभ डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया. इस दौरान डीएम ने न केवल स्कूली छात्राओं के साथ खाना खाया बल्कि खुद भी अपने स्कूल के दिनों की यादों में खोते नजर आए.
यहां पर मिड डे मील खाने के बाद डीएम ने एक और नजीर पेश की और अपनी जूठी थाली को खुद उन्होंने साफ कर छात्राओं को प्रेरित किया कि अपने कार्य को करने में किसी तरह की शर्म और संकोच नहीं करना चाहिए. बताया गया कि विद्यालयय में 456 छात्राओं को अब रोजाना पौष्टिक भोजन दिया जाएगा. जिलाधिकारी की पहल पर इस्कॉन कानपुर और अचिन्त्य फाउंडेशन ने छात्राओं को रोजाना भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली है. विद्यालय की प्रिंसिपल मंगलम गुप्ता ने बताया कि संस्थान में कुल 705 छात्राएं हैं, जिसमें कक्ष छह से आठ की 249 छावाओं को पहले से ही भोजन मिल रहा है.
इस्कान के अमृतेश कृष्ण दास ने कहा कि हमारी पूरी योजना तैयार है और हम प्रतिदिन पांच हज़ार लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने कहा कि इस्कॉन द्वारा विद्यालय को प्रतिदिन निःशुल्क भोजन की आपूर्ति की जाएगी. समाजसेवी एवं अचिन्त्य फाउंडेशन के निदेशक अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि इस योजना पर लगभग 20 लाख रुपये प्रतिवर्ष का व्यय आएगा, जिसे इस्कॉन, अचिन्त्य फाउंडेशन और अन्य समाजसेवियों के सहयोग से पूरा किया जाएगा.
हर दिन थाली में अलग स्वाद
सोमवार – कढ़ी पकोड़ा, आलू-परवल, चावल, रोटी
मंगलवार – चावल, मूंग दाल, रोटी, सोया आलू
बुधवार – चावल, अरहर दाल, रोटी, चना आलू
गुरुवार – चावल, मूंग दाल छिलका, रोटी, आलू सीताफल
शुक्रवार – चावल, रोटी, छोला, हलवा

