ABC News: कानपुर में विकास की योजनाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सरसैयाघाट स्थित कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में बैठक की. इस बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, राहुल बच्चा सोनकर, एमएलसी अरूण पाठक, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए.

बैठक में रिंग रोड को लेकर एनएचएआई के अधिकारियोें ने बताया कि 62 किलोमीटर की इस परियोजना को लेकर भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है. तीन चरणों में काम भी शुरू हो चुका है. इस पर पूरी योजना को 29 जून 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए.कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर बताया गया कि 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है. विधानसभा अध्यक्ष ने दिसंबर से पहले यहां पर यातायात शुरू करने के निर्देश दिए. कल्याणपुर की तरफ बदहाल हो चुकी जीटी रोड के गड्ढो को भरने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है. बताया गया कि तीन अक्टूबर को विधायक नीलिमा कटियार यहां का निरीक्षण करेंगी. रामादेवी से गोल चौराहा के बीच एलीवेटेड ट्रैक को लेकर बताया गया कि अभी इसका डीपीआर ही तैयार नहीं हुआ है.

इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने डीपीआर तैयार करते समय स्थानीय लोगों से संवाद और उनकी सहमति को भी अनिवार्य बताया. त्योहारों के साथ सहालगी सीजन शुरू होने पर यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे कि बारात सड़क के एक तरफ से ही निकले और इससे ट्रैफिक न बाधित हो. चकेरी पुलिस चौकी के पास ट्रांसफॉर्मर हटाने और ट्रैफिक सिग्नल को सक्रिय करने को कहा गया. इसके अलावा जिला पंचायत की सड़कों की गुणवत्ता की जांच आईआईटी से कराने के साथ ही पाइप लाइन डालने की वजह से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का निर्माण इसके तुरंत बाद कराने को कहा गया. इसके अलावा सदर क्षेत्र में नई तहसील की स्थापना को लेकर फिर से प्रस्ताव भेजने को कहा गया.

