ABC News: कानपुर के भीतरगांव इलाके के साढ़-जहानाबाद मार्ग में गोपालपुर गांव के पास गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां पर बच्चों से भरी निजी स्कूल की डग्गामार बस सामने से आ रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचलते हुए अनियंत्रित होकर पानी भरी खंती में जा पलटी.
घटना में बाइक सवार पिता पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में बीच में बैठी उनकी बेटी घायल हो गई. वहीं, बस के पानी भरी खंती में पलटने से उसके अंदर बैठे स्कूली बच्चे बस के अंदर छटपटाने लगे, जिन्हें गांव वालों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि साढ़ के गोपालपुर गांव स्थित मिथिलेश सिंह शिवमंगल सिंह इंटर कॉलेज की डग्गामार बस गुरुवार सुबह साढ़ की तरफ से करीब 40 बच्चों को भरकर स्कूल लौट रही थी.
तभी पालपुर गांव निवासी राजू निगम अपने पिता सुरेश निगम और बहन प्रियंका को साथ लेकर साढ़ निजी अस्पताल जा रहे थे. स्कूली बस गोपालपुर गांव के पहले बंबी के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई. और बाइक सवार पिता पुत्र को कुचलते हुए खंती में जा पलटी. हादसे के बाद बस के अंदर बैठे बच्चों में चीख पुकार मच गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही गोपालपुर, मनियापुर, साढ़, दौलतपुर, करचुलीपुर सहित आसपास गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन बस के शीशा तोड़कर अंदर फंसे बच्चों का रेस्क्यू कर बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, इस दौरान मृतक पिता-पुत्र के गांव के ग्रामीणों ले घटनास्थल पर पहुंचकर शव रखकर जाम लगा दिया. इस दौरान ग्रामीणो के साहस से स्कूली बच्चों की किसी तरह जान बच गई.

