ABC News: चकेरी थानाक्षेत्र में युवक का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या और शव के टुकड़ों को गंगा में बहाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घटना में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य अभियुक्त समेत अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं. डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चकेरी के शिवकटरा बस्ती निवासी ऋषिकेष 29 अगस्त से गायब चल रहा था. परिजनों ने उसके गणेश महोत्सव में जाने की बात बताई थी, जिसके बाद वह घर नहीं आया.
अगले दिन जब परिजनों ने हंगामा किया और बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करायी तो पुलिस एक्टिव हुई. इसके बाद पुलिस ने शिवकटरा निवासी मोगली, निखिल उर्फ डब्बू, काकोरी कैंट निवासी आकाश कुमार और रिशु वर्मा को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो आरोपियों ने जो बताया, वह सुनकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई. हिरासत में लिए गए आरोपियों ने बताया कि मृतक ऋषिकेष के उसके दोस्त पवन की बहन से प्रेम संबंध थे. पवन को जब इस बात की जानकारी हुई तो उसने ऋषिकेष की हत्या की योजना बनाई. इसी के तहत उन चारों ने योजना बनाकर पहले पवन मल्लाह, बॉबी मल्लाह, सत्यम गौतम और डैनी के साथ मिलकर उसे घर से बुलाया और बाइक में बैठाकर काकोरी के जंगल में ले गए. यहां पर आरोपियों ने उसके साथ पहले मारपीट की, फिर उसके हाथ पैर बांध दिए.
पवन ने चाकू से ऋषिकेष का सिर धड़ से काटकर अलग कर दिया और इसके बाद बोरे में अलग अलग सिर और धड़ भरा और ई रिक्शा से लेकर जाजमऊ पुल से उसे गंगा में फेंक दिया. एक दिन पहले रविवार को महाराजपुर में मृतक का सिर कटा धड़ बरामद हुआ है, जिसकी परिजनों ने शिनाख्त ऋषिकेष के रूप में की. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि शव की डीएनए जांच भी होगी. इसमें मुख्य अभियुक्त पवन समेत अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं.बताया जा रहा है कि ऋषिकेष की हत्या के बाद पवन ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया था,, डीसीपी पूर्वी ने बताया कि पवन की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल की जांच की जाएगी.

