ABC News: कानपुर में गंगा नदी इस समय जबरदस्त उफान पर हैं,, पहाड़ों पर हो रही बरसात और हरिद्वार व नरौरा डैम से छोड़े जा रहे पानी की वजह से कानपुर में रविवार को गंगा चेतावनी बिंदु पार कर गई हैं. गंगा के चेतावनी बिंदु पार करते हुए कटरी के गांव में संकट खड़ा हो गया है. यहां पर चैनपुरवा गांव पूरी तरह बाढ़ से घिर गया है, जबकि धारमखेड़ा, दिवनीपुरवा आदि गांवों में आधे घरों तक पानी पहुंच गया है.
इसके अलावा शिवदीन का पुरवा में भी गंगा हलचल मचाने लगी हैं. गंगा के चेतावनी बिंदु के पार करते ही प्रशासनिक अफसर सक्रिय हो गए हैं. ग्रामीणों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित स्थानों या फिर बाढ़ राहत शिविर में जाने को कहा गया है. आपको बता दें कि रविवार को कानपुर में गंगा का जलस्तर शुक्लागंज छोर पर चेतावनी बिंदु पार कर 113.030 मीटर पर पहुंच गया. वहीं, गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 114.710 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 114.340 मीटर पर पहुंच गया. अपस्ट्रीम पर भी ज्यादा पानी होने की वजह से गंगा किनारे बसे बनियापुरवा, भारतपुरवा, ईश्वरीगंज, भोपालपुरवा समेत अन्य गांवों में बाढ़ का खतरा तेजी से मंडरा रहा है.
आशंका जताई जा रही है कि वर्ष 2010 के पास गंगा एक बार फिर खतरे का निशान पार कर सकती हैं. इसे देखते हुए प्रशासन लगातार ग्रामीणों का सतर्क कर रहा है. रविवार को गंगा बैराज से 4 लाख 17 हजार 201 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया. जबकि हरिद्वार से एक लाख 28 हजार 227 और नरौरा बैराज से एक लाख 39 हजार 602 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया.
एक्शन मोड में प्रशासन, चैनपुरवा गांव पहुंचे एसडीएम सदर
गंगा के चेतावनी बिंदु पार करते ही प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है. रविवार को एसडीएम सदर अनुभव सिंह बाढ़ग्रस्त कटरी के गांवों का जायजा लेने के लिए पहुंचे. कटरी के चैनपुरवा गांव के रास्ते में काफी ज्यादा पानी भरा होने के चलते एसडीएम सदर के साथ तहसील के अधिकारी और कर्मचारी ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर गांव तक गए. यहां पर प्रशासन की तरफ से ग्रामीणों को राशन किट का भी वितरण किया गया. एसडीएम सदर ने बताया कि चैनपुरवा के रास्तों में पूरी तरह से पानी भर चुका है.
इसके अलावा कटरी शंकरपुर सराय और भगवानदीन का पुरवा में भी गंगा का पानी प्रवेश कर चुका है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है. तिवारीघाट पर बसे लोगों को बाढ़ राहत शिविर भेजा गया है. फिलहाल ट्रैक्टर ट्रॉली यहां पर लगाई गई हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित न हो.

