ABC News: कानपुर में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़त दर्ज की जा रही है. चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचती गंगा अब कटरी के चैनपुरवा गांव की दहलीज तक पहुंच गई है. आज रात या गुरूवार तक चैनपुरवा गांव के अंदर बाढ़ का पानी पहुंचने की आशंका जाहिर की जा रही है.
इसे देखते हुए यहां पर ग्रामीण अपनी गृहस्थी को समेटने में लगे हुए हैं. चैनपुरवा, दिवनीपुरवा, लोधवाखेड़ा आदि गांवों में बाढ़ के पानी में खेत डूबे नजर आ रहे हैं. वहीं, अगर गंगा के जलस्तर की बात करें तो गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर यह 114.140 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 113.940 मीटर पर रहा. शुक्लागंज छोर पर यही जलस्तर 112.570 मीटर पर रहा.
इसके अलावा बैराज से बुधवार को तीन लाख 52 हजार 488 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि हरिद्वार से एक लाख 21 हजार 803 क्यूसेक और नरोरा से एक लाख 91 हजार 442 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. बाढ़ के खतरे को देखते हुए सदर तहसील के अधिकारी लगातार यहां पर मॉनीटरिंग करने में जुटे हुए हैं.

