ABC News: यमुना में आयी बाढ़ ने न केवल गांवों को जलमग्न किया है, बल्कि यहां पर भरा पानी मासूमों के लिए खतरा साबित हो रहा है. ऐसा ही एक मामला सजेती थानाक्षेत्र के महुआपुर गांव में नजर आया. जहां पर बाढ़ के पानी में एक ढाई साल का बच्चा डूब गया. बताया जा रहा है कि परिजन जब बाढ़ से बचने के लिए घर की गृहस्थी को छत पर चढ़ा रहे थे. तभी घर के अंदर घुसे पानी में मासूम डूब गया. जैसे ही इसकी जानकारी परिजनों को मिली.

आनन फानन में डूबे हुए बच्चे को पानी से निकालकर उसे सीएचसी ले जाया गया. इस दौरान परिजनों ने एसडीएम घाटमपुर अविचल प्रताप सिंह को फोन कर घटना बताई,,, प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जिसे ‘ऑपरेशन संजीवनी’ नाम दिया गया. परिजन पहले हमीरपुर के अस्पताल में बच्चे को ले गए. यहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे हैलट अस्पताल के लिए रेफर किया गया. इसके बाद सभी को अलर्ट किया गया और ऐसी व्यवस्था की गई, जिसमें न रास्ते में एंबुलेंस फंसी और न ही ट्रैफिक में देरी हुई, ट्रैफिक कंट्रोल रूम से लेकर हैलट इमरजेंसी तक पूरा सिस्टम बच्चे को बचाने की कवायद में जुटा रहा. इस पूरे रेस्क्यू आपरेशन के सूत्रधार डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह बने. जैसे ही एंबुलेंस हैलट पहुंची यहां पर गेट पर ही डॉक्टर मौजूद मिले. करीब डेढ़ घंटे तक मासूम का यहां पर इलाज चला, जिससे उसकी चेतना वापस आ गई, इस दौरान एसडीएम घाटमपुर लगातार वीडियो कॉल पर बच्चे की मां और पिता से जुड़े रहे और सारा अपडेट उन्हें प्रदान करते रहे. डॉक्टरों का कहना था कि बच्चे की सांस कमजोर थी और शरीर ठंडा पड़ चुका था. अगर 15 मिनट की और देर होती तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता था.

