ABC News: कानपुर के जाजमऊ में युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कर दिया है. युवक की हत्या और किसी ने नहीं बल्कि उसके दोस्तों ने ही की थी. पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. युवक की हत्या पुराने विवाद और एक आरोपी की बहन से छेड़खानी के चलते की गई थी.
आपको बता दें कि एक दिन पहले जाजमऊ में गंगा किनारे अरबाज खान नाम के युवक की नृशंस हत्या कर दी गई थी. अरबाज के परिजनों ने पांच नामजद और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त बाजपेयीनगर ऊंचाटीला में रहने वाले शोएब और समीर हैं. हत्याकांड के बाद घटना के बारे में शोएब ने अपनी छोटी बहन चंदा को बताया था, इसके बाद चंदा ने बड़ी बहन मुस्कान को जानकारी दी और उसने पुलिस को सारी घटना बता दी. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि साल 2023 में हुए विवाद में अरबाज के परिवार ने शोएब के परिवारीजनों पर मुकदमा दर्ज कराया था.
शोएब ने उसी समय अरबाज की हत्या करने की बात को ठान लिया था. पूछताछ में पता चला कि समीर का शोएब की बहन से प्रेम प्रसंग था और अरबाज उससे छेड़छाड़ करता था. जिसके बाद दोनों ने मौका देखकर अरबाज को घर से बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी. अरबाज की हत्या के बाद दोनों ने उसके शव के साथ अपने मोबाइल में फोटो भी खींची, जिसमें दोनों आरोपियों के साथ अरबाज का शव और आलाकत्ल की फोटो भी आयी.

