ABC News: जाजमऊ में गंगा किनारे युवक की उसके घर से महज सौ मीटर की दूरी पर नृशंस हत्या कर दी गई. मृतक पेशे से लोडर चालक था और कुछ ही दिन पहले उसकी जाजमऊ पुल से गंगा में छलांग लगाने का वीडियो भी वायरल हुआ था. इस मामले में पुलिस ने उसे जेल भी भेजा था. जेल से आने के बाद उसकी हत्या कर दी गई.
सुबह जब स्थानीय लोगों ने गंगा किनारे युवक का शव देखा तो उसके परिजनों को सूचना दी. बताया जा रहा है कि जाजमऊ थानाक्षेत्र के ऊंचा टीला निवासी मो. रियाज खान का बेटा अरबाज खान लोडर चालक था. देर रात 12 बजे उसके दोस्त बुला कर ले गए थे. मंगलवार सुबह करीब छह बजे गंगा किनारे उसका शव पड़ा मिला. मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही अरबाज और उसके दोस्त मोहम्मद आर्यन खान का गंगापुल के ऊपर से छलांग लगाते एक वीडियो वायरल हुआ था.
उसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. हत्याकांड की जानकारी मिलते ही चकेरी थाना प्रभारी संतोष शुक्ला, एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय, एडीसीपी ईस्ट अंजलि विश्वकर्मा और डीसीपी सत्यजीत गुप्ता मौके पर जांच करने पहुंचे. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए.
डीसीपी ईस्ट ने बताया कि युवक के गर्दन में नुकीले हथियार से हमला किया गया. इसके बाद तार से गला घोंटकर हत्या की गई है. हत्याकांड में दो से तीन लोगों के होने की आशंका है. प्राथमिक जांच में लग रहा है कि किसी नजदीकी ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया है. जल्द ही जघन्य हत्याकांड का खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी.

