ABC News: कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में मंगलवार को सीवर सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आकर तीन सफाई कर्मचारी बेहोश हो गए, जिसमें एक की मौत हो गई. वहीं, दो कर्मचारियों की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि यह घटना पनकी क्षेत्र में सीवेज सिस्टम की सफाई के दौरान हुई. आरोप है कि नाला सफाई के दौरान कर्मचारियों को ठेकेदार की ओर से सुरक्षा उपकरण नहीं मुहैया कराए गए थे, जिस चलते यह हादसा हुआ है.

जानकारी के अनुसार, विजय नगर, अंबेडकर नगर निवासी रामदयाल के तीन बेटे छेदीलाल, सोनू और अनिल उर्फ पप्पू हैं. भाई छेदीलाल ने बताया कि अनिल बीते एक साल से जल संस्थान में ठेकेदार कमलेश व सुपरवाइजर सौरभ के साथ काम कर रहा था. उसके परिवार में गर्भवती पत्नी संतोषी और ढाई साल की बेटी परी है. मंगलवार को अनिल जरौली निवासी सफाई कर्मी छोटेलाल व विजय नगर निवासी बिरजू के साथ काम पर जाने के लिए निकला था. पनकी सुंदर नगर में 10 फीट गहरे नाले में अनिल बिना सुरक्षा उपकरणों के उतरा था, जबकि छोटेलाल और बिरजू बाहर खड़े थे. इस दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से अनिल बेसुध हो गया. छोटेलाल और बिरजू ने कई बार आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया. जिस पर उन्होंने नाले में उतर कर अनिल को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया. पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी बेहोश अनिल की मौत की सूचना पर पत्नी बेहोश हो गई. सफाई कर्मचारी की मौत की सूचना पर ठेकेदार मौके से फरार हो गया, परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया.

