ABC News: कानपुर में भीतरगांव विकास खंड के फैजुल्लापुर गांव में खेत की पैमाइश करने पहुंचे एक लेखपाल पर किसान ने लाठियों से हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि किसान ने लेखपाल को खेत में गिरा-गिराकर पीटा, जिससे वह घायल हो गए.
इस घटना की जानकारी जैसे ही नरवल तहसील पहुंची, तो राजस्व लेखपालों में भारी आक्रोश फैल गया. इसके बाद, सभी लेखपाल एकजुट होकर साढ़ थाना पहुंचे और आरोपी किसान की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए. मारपीट की घटना से जुड़ा हुआ एक वीडियो भी सामने आया है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, वहीं लेखपालों ने आरोपी पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

