ABC News: गोविंदनगर थानाक्षेत्र के राम आसरे नगर में शोहदे से परेशान होकर युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. युवती की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का कहना है कि नवंबर में उनकी बेटी की शादी होनी थी लेकिन शोहदे ने उसे इतना प्रताड़ित किया कि उसे अपनी जान देने पर मजबूर होना पड़ा.
रामआसरे नगर निवासी किशोर कुमार ने बताया कि इलाके में रहने वाला शोहदा गुलशन काफी समय से उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा है. आरोप है कि वह लगातार युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था. शादी न करने पर उसे बदनाम करने और छोटे भाई की हत्या करने की धमकी दे रहा था. परिजनों को जब इस बात का पता लगा कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह तय कर दी. नवंबर में युवती की शादी होनी थी. परिजनों का आरोप है कि यह बात शोहदे को जब पता लगी तो उसने बेटी को डराना और धमकाना शुरू कर दिया. शनिवार रात को भी वह युवती के घर तमंचा लेकर पहुंचा और शादी न करने पर उसे बदनाम करने और पिता व भाई को मारने की धमकी दी. इस दौरान वह युवती के जबरदस्ती सिंदूर की डिब्बी और वैष्णों देवी का प्रसाद देकर चला गया. इसके बाद युवती इतना डर गई कि रात में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवती ने शोहदे का नाम और मोबाइल नंबर भी अपने हाथ पर लिखा था. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों का आरोप है कि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहा है, पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है.

