ABC News: चमनगंज पुलिस और सेन्ट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने मिलकर कुख्यात अपराधी और 25 हजार के इनामी अपराधी शाहिद पिच्चा को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. शातिर किस्म का अपराधी शाहिद पिच्चा अप्रैल से लगातार फरार चल रहा था. कुछ समय पहले ही उसने चमनगंज के कारोबारी से 50 हजार की रंगदारी मांगी थी.
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शाहिद पिच्चा की पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी. उस पर हत्या, लूट, रंगदारी समेत अन्य गंभीर धाराओं में 43 मुकदमें दर्ज हैं. गैंगस्टर होने के साथ पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था. पुलिस शाहिद पिच्चा की लंबे समय से तलाश कर रही थी. बीच में वह मुंबई भाग गया तो पुलिस ने उसे वहां भी ट्रैक किया लेकिन हर बार वह पुलिस को गच्चा दे जाता था.
इधर, चमनगंज पुलिस को पिछले चार पांच दिनों से उसके घर में होने की सूचना मिल रही थी. इस पर बुधवार तड़के जब पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा तो वह फायरिंग करते हुए घर से भागा. इस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी. पुलिस ने घायल शाहिद पिच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया है. बताया जाता है कि शाहिद पिच्चा के पूर्व में डीटू गैंग से भी रह चुके हैं.

