ABC News: अमेरिका ने रविवार तड़के ईरान के तीन परमाणु ठिकानों फोर्दो, नतांज और इस्फहान पर हमले किए. डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के परमाणु ठिकाने पूरी तरह से तबाह हो गए. इस बीच यूएस के रक्षा विभाग ने कहा कि ईरान पर जिस ऑपरेशन के तहत हमला किया गया उसका नाम मिडनाइट हैमर रखा गया है.

पेंटागन के मुताबिक, इस ऑपरेशन में अमेरिका के 125 से ज्यादा लड़ाकू विमान और मिसाइलें शामिल थीं. संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने रविवार को बताया कि यह हमला ईरान के दो प्रमुख परमाणु केंद्रों- फोर्दो और नतांज- पर किया गया. इसके साथ ही इस्फहान शहर में भी मिसाइलें दागी गईं. जनरल डैन केन ने कहा, ‘हमने ईरान के उन ठिकानों को निशाना बनाया जो सीधे उनके परमाणु कार्यक्रम से जुड़े थे. ऑपरेशन को इस तरह अंजाम दिया गया कि आम नागरिकों को नुकसान न पहुंचे.’ 125 से ज्यादा अमेरिकी विमान शामिल- इनमें बमवर्षक, फाइटर जेट, टैंकर (तेल भरने वाले विमान), और जासूसी विमान शामिल थे. इसमें बी-2 स्टील्थ बमवर्षक विमानों का इस्तेमाल हुआ, जो मिसौरी से उड़कर आए थे. हर बमवर्षक ने 30,000 पाउंड वजन के खास बम गिराए, जिन्हें ‘मैसिव ऑर्डिनेंस पेनेट्रेटर’ कहा जाता है. ये बम जमीन के भीतर छिपे ठिकानों को नष्ट करने में सक्षम हैं. ये हमला रात 6:40 बजे (पूर्वी समयानुसार) शुरू हुआ और सात बजे तक सभी विमान ईरानी हवाई क्षेत्र से निकल चुके थे. इस मिशन को 9/11 के बाद बी-2 बमवर्षकों की सबसे लंबी उड़ान बताया गया है.

रक्षा सचिव पीट हगसेथ ने बताया कि यह कार्रवाई अमेरिका की सुरक्षा और पश्चिम एशिया में शांति बनाए रखने के लिए जरूरी थी. उन्होंने कहा, ‘अगर ईरान शांति का रास्ता नहीं अपनाता, तो अमेरिका आगे भी सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा.’ अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने जो प्लानिंग की थी वो साहसिक और शानदार था. दुनिया ने अमेरिका की ताकत को देखा. जब राष्ट्रपति ट्रंप बोलते हैं तो दुनिया को सुननी चाहिए. धरती पर कोई दूसरा देश इस ऑपरेशन को अंजाम नहीं दे सकता था. जब राष्ट्रपति 60 दिन बातचीत के लिए कहते हैं तो इसका मतलब शांति से है. यह पुरानी सरकार का प्रशासन नहीं है. राष्ट्रपति ट्रम्प ने शांति चाहते हैं और ईरान को वह रास्ता अपनाना चाहिए.”

