ABC News: नवाबगंज थाना क्षेत्र में जागेश्वर मंदिर के पास रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला की मौत के बाद उसके पति ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. पति ने महिला का भतीजे से अफेयर होने और खुद को जहर देने का प्लान बनाने के भी आरोप लगाए. ख्योरा गांव में रहने वाले सुरेश चंद्र का कहना है कि मेग्गन पुरवा गंगा बैराज निवासी प्रीति से उसकी तीन साल पहले शादी हुई थी.
सुरेश ने अपने पहली पत्नी को छोड़ दिया था जबकि प्रीति भी अपने पहले पति से अलग होकर रह रही थी. इस दौरान कुछ समय के लिए सुरेश रेप केस में जेल चला गया. दो महीने पहले ही वह जमानत पर छूटकर आया है. सुरेश का कहना है कि जेल में रहने के दौरान प्रीति और उसके भतीजे के बीच अफेयर हो गया. सुरेश जब जेल से छूटकर आया, तो उसे पत्नी का रुख बदला-बदला दिखा. पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद सुरेश ने कहा कि प्रीति, भतीजे के साथ मिलकर मुझे मारना चाहती थी. सुरेश ने आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर में नौकरी करने वाले भतीजे ने प्रीति के साथ मिलकर मुझे मारने की साजिश रची. कुछ दिन पहले उसने बाजार में दोनों को मिलते हुए भी देखा था.
आरोप है कि पत्नी के मोबाइल को जब उसने खंगाला, तो दोनों की अश्लील फोटो समेत उसकी हत्या की साजिश का भी उसे पता चला. इस बात का पता जब प्रीति को लगा तो कलई खुलने के डर से वह दहशत में आ गई और सुरेश को देने के लिए जो जहर वह लाई थी, उसे खुद खा लिया. हालत बिगड़ने पर 16 जून को प्रीति को हैलट अस्पताल में एडमिट कराया था.जहां पर इलाज के दौरान आज शनिवार को प्रीति की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन आरोपों को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.

