ABC News: कानपुर में पुलिस ने एक बार फिर मवेशियों की तस्करी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए आठ ट्रक बरामद किए हैं. चकेरी और महाराजपुर पुलिस के अभियान में इन आठ ट्रकों में बेरहमी से लादकर ले जाए जा रहे 400 मवेशियों को पुलिस ने बरामद करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है.
एसीपी चकेरी एसएस रामटेके की अगुवाई में चले अभियान के बाद पशु तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर चकेरी और महाराजपुर के बीच अभियान चलाया, जिसमें मवेशियों से भरे हुए छह ट्रक चकेरी में और दो ट्रक महाराजपुर पुलिस ने बरामद किए.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए वाहनों में मवेशियों को इतनी बेरहमी से भरा गया था कि वे हिल भी नहीं पा रहे थे. भीषण गर्मी में बेरहमी से ढोए जा रहे मवेशियों में कुछ की हालत भी खराब पायी गई. इस दौरान ट्रक चालकों समेत अन्य को गिरफ्तार किया गया है.
एसीपी चकेरी एसएस रामटेके ने बताया कि ये सभी ट्रक कौशांबी और अन्य जगहों से उन्नाव जा रहे थे. पुलिस ने सभी 8 ट्रकों को सीज कर दिया है और उनमें लदे लगभग 400 मवेशियों को महाराजपुर की गौशाला में भेज दिया गया है.

