ABC News: 30 मई को कानपुर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पर मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का शुभारंभ करेंगे. इसको लेकर मेट्रो स्टेशनों पर तैयारियां अंतिम रूप में चल रही हैं. मेट्रो के शुभारंभ को लेकर यहां के स्टेशनों को इस तरह से सजाया गया है, जिसमें संस्कृति, विरासत के साथ देशप्रेम की आभा बिखरी हुई दिखाई पड़ रही है. इन सबके बीच मेट्रो स्टेशनों से महिला यात्रियों के लिए पिंक फीडर सेवाओं की शुरूआत भी की जा रही है.

मेट्रो अफसरों का कहना है कि महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए नई पहल हो रही है. इसके तहत जल्द ही मेट्रो स्टेशनों से पिंक फीडर सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा. इसके तहत ई रिक्शा, ई-ऑटो, मेट्रो स्टेशनों से महिला यात्रियों के आने-जाने के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन सुविधायें उपलब्ध कराएंगी. महिला यात्रियों को स्टेशनों पर आने के बाद अपने गंतव्य जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा.

इसकी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए इसे किसी भी स्टेशन से बुक कराया जा सकेगा. शुरूआत में राइड शेयरिंग ऐप अजीगो के सहयोग से चलाया जाएगा. मेट्रो अफसरों ने बताया कि राइड शेयरिंग ऐप से सत्यापित महिला चालक ही इन्हें चलाएंगी. राइड शेयरिंग ऐप में जीपीएस ट्रैकिंग, रियल-टाइम लोकेशन व एसओएस बटन जैसे सेफ्टी फीचर्स उपलब्ध होंगे.

इन सेवाओं की मदद से लास्ट माइल कनेक्टिविटी बढ़ेगी, साथ ही पार्किंग आदि के झंझट से भी मुक्ति मिलेगी. इन फीडर सेवाओं पर प्रतिस्पर्धात्मक किराया होने की वजह से यात्रा किफायती होगी, साथ ही कैशलेस भुगतान का भी विकल्प होगा. यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण की दिशा में एक प्रयास बताया है.

स्टेशनों को दुल्हन की तरह सजाया गया
मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों को यहां पर दुल्हन की तरह सजाया गया है. सभी स्टेशनों पर लाइटिंग की व्यवस्था के साथ चांदनी से विशेष सजावट की जा रही है, स्टेशनों के बाहर और रैली स्थल पर पोस्टर, बैनर लगाए जा रहे हैं. यात्रियों की जानकारी के लिए उन्हें लीफलेट, पॉकेट फोल्डर आदि दिए जाएंगे. स्टेशन के अंदर पेंटिंग लगाई गई है, जिसमें कानपुर की संस्कृति से लेकर यहां की विरासत के दर्शन कराए गए हैं. 30 मई को जिस ट्रेन को प्रधानमंत्री झंडा दिखाकर रवाना करेंगे, उसे भी इस अवसर के लिए विशेष रूप से सजाया जा रहा है.

