ABC News: कानपुर में डीएम के लाख प्रयासों और एक्शन के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं. एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग में उस समय लापरवाही चरम पर दिखी, जब डीएम ने कांशीराम अस्पताल का निरीक्षण किया. गौरतलब हो किकांशीराम अस्पताल में ही सीएमओ का दफ्तर भी है, इसके बावजूद यहां पर डॉक्टर से लेकर मेडिकल स्टाफ, सभी अपनी ढपली अपना राग अलाप रहे हैं.
इसका नजारा तब सामने आया, जब डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने यहां का निरीक्षण किया. डीएम को यहां पर एक दर्जन डॉक्टरों समेत 64 कर्मचारी गैर हाजिर मिले. यही नहीं, जिन सीएमएस के पास सारी मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी है, वह भी तय समय से एक घंटे लेट हॉस्पिटल पहुंचे. निरीक्षण के दौरान डीएम ने एक और मामला पकड़ा. इसमें पाया गया कि यहां का स्टाफ अपने आप ही नाइट से लेकर इमरजेंसी ड्यूटी तय कर रजिस्टर पर उसे लिख देता है. कई कर्मचारियों की डिप्टी सीएमएस ने गैर हाजिरी चढ़ाई तो कर्मचारियों ने उन्हें ढेंगा दिखाते हुए उस गैर हाजिरी को हटाकर अपनी हाजिरी दर्ज करा दी.
इसके अलावा यहां पर डीआरएस में जो डॉक्टर इंटर्नशिप पर है, उसमें भी एक डॉक्टर गायब मिलीं. इन सारी बातों को डीएम ने गंभीर अनुशासनहीनता के रूप में माना है. गैर हाजिर स्टाफ की एक दिन की सैलरी रोकने के साथ ही अनुशासनहीनता पर भी एक्शन लेने की बात कही है.
पीएचसी मेें बिना आए डॉक्टर ने देख लिये छह मरीज
डीएम को लापरवाही का आलम केवल कांशीराम अस्पताल में ही नहीं दिखा, बल्कि कृष्णानगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी देखा गया. यहां पर तैनात डॉ निशा गांधी न केवल डीएम को अनुपस्थित मिलीं, बल्कि डीएम ने जब रजिस्टर चेक किया तो पाया कि डॉ निशा गांधी ने अस्पताल आए बिना ही छह मरीजों को चेकअप भी कर लिया है. ओपीडी रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर के बिना ही रोगियों के नाम दर्ज थे. इसको लेकर डीएम ने डॉ निशा गांधी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा यहां पर तैनात आठ कर्मचारियेां में सात कर्मचारी डीएम को गैर हाजिर मिले. डीएमने सभी गैर हाजिर कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं. डीएम ने कहा कि डॉ ने शासकीय अभिलेखों में गलत प्रविष्टि की है, ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी.

