ABC News: साढ़ थानाक्षेत्र के लक्ष्मणखेड़ा गांव में घर के बाहर सो रहे युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. युवक की हत्या और किसी ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी. प्रेमी भी और कोई नहीं बल्कि मृतक की पत्नी का भतीजा ही निकला. पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है.
गौरतलब हो कि पिछले दिनों लक्ष्मणखेड़ा गांव में रहने वाले ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र की उस वक्त हत्या कर दी गई थी, जब वह घर के बाहर सो रहा था. हत्या के इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को पूर्व में हिरासत में लिया था. बताया जा रहा है कि पुलिस को जांच के दौरान घर के अंदर और बाथरूम में मिले खून के छींटे दिखाई दिए, इससे पुलिस की जांच का एंगल करीबियों पर आकर टिक गया. पुलिस ने जब मृतक की पत्नी रीना की कॉल डिटेल्स निकलवाईं तो पता चला कि वह मृतक के भतीजे सतीश के लगातार संपर्क में थी. दोनों के मोबाइल से पुलिस को अश्लील तस्वीरें भी मिली हैं. पुलिस पूछताछ में रीना ने सतीश ने अपने प्रेम संबंध स्वीकारते हुए बताया कि धर्मेंद्र ने उन्हें कई बार रंगे हाथ पकड़ा था. इसके बाद उसने दोनों पर पाबंदी लगा दी थी, तभी उसकी हत्या का प्लान तैयार किया गया.
रीना ने बताया कि 10 मई की रात को उसने धर्मेंद्र के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं. धर्मेंद्र के बेहोश होने के बाद रीना ने दरवाजे की चौखट से उनके सिर पर कई वार किए. घटना के समय घर में केवल धर्मेंद्र की बुजुर्ग मूक बधिर मां मौजूद थी. एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि गांव में दो पक्षों में विवाद चलता है, जिसका फायदा उठाते हुए रीना ने विरोधी पक्ष के तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. जेल भेजे गए दोनों युवको को जल्द कानूनी कार्रवाई कर बाहर निकाला जाएगा.

