ABC News: फजलगंज थानाक्षेत्र में होटल माउंटेन में अपने मित्र के साथ रूकने आयी युवती की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई. होटल के रूम से जब काफी देर तक प्रतिक्रिया नहीं आयी तो यहां के प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस पूछताछ में होटल के कर्मचारियों ने बताया कि एक दिन पहले एक युवक और युवती होटल में आए थे, उन्हें सेकेंड फ्लोर पर रूम नंबर 107 एलॉट किया गया था. सोमवार भोर पहर युवक अचानक स्कूटी से कहीं पर चला गया. काफी देर जब युवक नहीं आया और उनके रूम से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं हुई तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस जब होटल के रूम में दाखिल हुई तो यहां पर युवती मृत अवस्था में पड़ी थी. पुलिस की जांच पड़ताल में युवती की शिनाख्त विजयनगर डबलपुलिया निवासी प्रगति सिंह के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ आया युवक की पहचान ओमपुरवा निवासी उत्कर्ष जायसवाल के रूप में हुई है.
पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे युवती के पिता ने बताया कि वह स्वरूपनगर के एक रेस्टोरेंट में काम करती थी. पुलिस को होटल के रूम से शराब की बोतल भी बरामद हुई है. इस बीच, जब पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी वीडियो जांचने शुरू किए तो अधिकतर फुटेज डिलीट मिले, जिस पर पुलिस ने यहां पर नाइट शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी को हिरासत में ले लिया.
पुलिस का कहना है कि कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि युवती की मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम से पता चलेगी, युवक की तलाश की जा रही है.

