ABC News: रविवार को कानपुर में आग की घटनाओं ने जमकर कहर बरपाया. देर रात नवाबगंज में खिलौनों की दुकान में आग लग गई. यहां पर आग के धुएं में दम घुटने से बुजुर्ग की मौत हो गई. वहीं, किदवईनगर स्थित चालीस दुकान बाजार में भीषण आग से आठ दुकानें स्वाहा हो गईं. आग की घटना बिरहाना रोड और ग्वालटोली में भी हुई. इससे पहले एक दिन पहले देर कल्याणपुर में केडीए हाईट्स की चौथी मंजिल में लगे फ्लैट में आग से पूरी गृहस्थी स्वाहा हो गई.
नवाबगंज में खिलौनों की दुकान में आग
नवाबगंज में खिलौने की दुकान में देर रात भीषण आग लग गई. दुकान में आग लगने से मकान की ऊपरी मंजिल में रहने वाला परिवार फंस गया.घटना में परिवार के चार लोगों ने दूसरे मकान में कूदकर किसी तरह अपनी जान बचा ली लेकिन धुएं की वजह से यहां पर रहने वाले बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आग की घटना नवाबगंज में रहने वाले जयप्रकाश गुप्ता के तीन मंजिला मकान में हुई. ग्राउंड फ्लोर पर खिलौनों की दुकान में आग लगने से पूरे मकान में धुआं भर गया. चीख-पुकार सुन मोहल्ले के लोगों और राहगीरों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस काे सूचना दी. फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां और थाने का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा. आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. घटना के समय परिवार के सदस्य मकान में सो रहे थे. इस दौरान घर के पीछे वाले कमरे में सो रहे मकान मालिक जयप्रकाश फंसे रह गए. फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत से उन्हें भी बाहर निकाला और गंभीर हालत में हैलट में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
चालीस दुकान बाजार में लगी भीषण आग, आठ दुकानें स्वाहा
किदवई नगर में चालीस दुकान बाजार में रविवार तड़के भीषण आग लगने से दहशत फैल गई. आग की इस घटना में करीब आठ दुकानें जलकर स्वाहा हो गईं. दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. वहीं, प्रभावित दुकानदारों ने दमकल गाड़ी के काफी देर से पहुंचने का आरोप लगाया. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आग की लपटें करीब 25 फीट तक ऊपर उठीं, जिससे आसपास रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर के बगल में कब्जा करके बनाई गई दुकान में सबसे पहले आग लगी. इसके बाद उसने आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया. शोरगुल सुनकर स्थानीय लोगों ने अपने संसाधनों से भी आग बुझाने की कोशिश की. बगल में ट्रांसफॉर्मर होने से स्थानीय लोग और ज्यादा दहशत में आ गए. सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी. जो दुकानें आग की वजह से स्वाहा हुईं, उसमें अधिकतर पूजन सामग्री और प्लास्टिक के सामान वाली थीं. करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी की वजह से आग की घटना हुई है. हालांकि, चालीस दुकान बाजार में इससे पहले भी कई बार आग की घटनाएं हो चुकी हैं.
बिरहाना रोड और ग्वालटोली में भी आग
आग की इन्हीं घटनओं में बिरहाना रोड और ग्वालटोली में भी दमकल कर्मियों को काफी पसीना बहाना पड़ा. रविवार दोपहर को बिरहाना रोड स्थित दवा मार्केट में बंद पड़े एक मकान में आग लग गई. बताया जा रहा है कि बंद पड़े मकान में आसपास के लोग कूड़ा फेंक देते हैं. दोपहर के समय इसी कूड़े में आग लग गई, जिसे मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने बुझा दिया. इसी तरह ग्वालटोली में विक्टोरिया मिल के पास खाली पड़े प्लॉट में भीषण आग लग गई. यहां पर कर्नलगंज फायर स्टेशन से पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

