ABC News: कानपुर में साउंड सिस्टम को लेकर पुलिस के एक्शन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. राम नवमी के दौरान साउंड सिस्टम को लेकर पहले जहां रावतपुर और अन्य जगह आक्रोश देखा गया. वहीं, सोमवार को फजलगंज थाने में भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए.
फजलगंज थाना परिसर में धरने पर बैठे भाजपा नेताओं ने बताया कि यहां से निकलने वाले जवारा जुलूस में हर साल साउंड सिस्टम शामिल होता है. एक दिन पहले जवारा जुलूस के साथ साउंड सिस्टम बारादेवी मंदिर तक गया, उसके बाद वह वापस लौट रहा था तो फजलगंज पुलिस ने उसे रोक लिया और गाड़ी थाने में खड़ी करा ली. इसकी जानकारी पर जब वह लोग गए तो पुलिस ने सुबह तक गाड़ी छोड़ने की बात कही. भाजपा नेताओं का कहना है कि रात पर पार्टी कार्यकर्ता इसको लेकर चक्कर लगाते रहे. आरोप है कि एक चौकी इंचार्ज ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभद्रता करते हुए गाली गलौच तक की.
थाने के अंदर धरने पर बैठे भाजपा नेता इसके बाद यहां पर सुबह से धरने पर बैठ गए. आरोप है कि कई घंटे तक धरने पर बैठने के बावजूद पुलिस का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक आरोपी चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई नहीं होती और गाड़ी सहित साउंड सिस्टम छोड़ा नहीं जाता, तब तक वह लोग धरने पर बैठे रहेंगे. पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने नियम और कानून की जानकारी सभी को दी. इसके बाद सभी लोग मौके से चले गए.

