प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर अयोध्या नगरी एक बार फिर से भक्ति और उल्लास में डूब गई है। मंदिरों में शंखनाद गूंज रहा है, मठों में मंगल ध्वनियां और सोहर-बधाइयों की स्वर लहरियां वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग रही हैं। पहली बार भव्य राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की जन्म आरती और अलौकिक झांकी के दर्शन का सौभाग्य लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा।
20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
प्रशासन के मुताबिक, इस बार रामनवमी पर श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड तोड़ सकती है। करीब 20 से 25 लाख भक्तों के अयोध्या आने का अनुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक मैनेजमेंट तक के विशेष इंतज़ाम किए हैं। CCTV, ड्रोन कैमरे और वॉलिंटियर्स की तैनाती से लेकर जल व्यवस्था, फर्स्ट ऐड और भोजनालयों तक सब कुछ प्लान के तहत सज चुका है।
#WATCH | अयोध्या, उत्तर प्रदेश: श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालु भारी संख्या में अयोध्या पहुंच रहे हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 1, 2025
राम जन्मभूमि मंदिर को 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले राम नवमी उत्सव से पहले रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। pic.twitter.com/E5xOYNXndo
गर्भगृह में सूर्य तिलक का भव्य आयोजन
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणें रामलला के मस्तक पर तिलक करेंगी। यह दुर्लभ दृश्य विशेष रूप से डिजाइन की गई “सूर्य तिलक प्रणाली” के माध्यम से संभव होगा। सूर्य की किरणों को मंदिर के गर्भगृह तक लाने के लिए भौतिक विज्ञान और इंजीनियरिंग का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
सुबह 6 बजे से शुरू होंगे दर्शन
श्रद्धालुओं के लिए सुबह 6 बजे से लेकर रात 10 बजे तक मंदिर के पट खुलेंगे। हालांकि भीड़ को देखते हुए समय को और बढ़ाया जा सकता है। दर्शन के लिए भक्तों को जन्मभूमि पथ से प्रवेश दिया जाएगा और निर्धारित गेट नंबर 3 से निकास कराया जाएगा। भीड़ प्रबंधन के लिए मंदिर परिसर में वालंटियर, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
कनक भवन और दशरथ महल में भी आयोजन
रामनवमी का उत्सव सिर्फ राम मंदिर तक सीमित नहीं है। अयोध्या के प्राचीन पीठ – दशरथ महल और कनक भवन में भी विशेष पूजा, झांकियां और कीर्तन का आयोजन किया गया है। ओरछा धाम से आए भक्तों के दल ने कनक भवन में बधाइयों और भजन की गूंज से माहौल को भक्ति रस से भर दिया है।
धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला
इस शुभ अवसर पर राम मित्र मंडली की ओर से 20 हज़ार से अधिक आहुतियों के साथ विशेष हवन किया गया। श्री राम चरित मानस का अखंड पाठ, रामकथा, और भजन संध्या भी कार्यक्रमों का हिस्सा हैं। मेयर गिरीशपति त्रिपाठी यजमान के रूप में मौजूद रहे।
प्रशासन ने कसी कमर
नगरीय निकाय से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक हर कोई इस महाउत्सव को सफल बनाने में जुटा हुआ है। धर्मपथ, रामपथ और अन्य मुख्य सड़कों को सजाया गया है, और जगह-जगह LED स्क्रीन पर रामलला के लाइव दर्शन की व्यवस्था भी की गई है। मेडिकल कैंप, पानी के स्टॉल, शौचालय और सुरक्षा बूथ हर ज़रूरत का ख्याल रखेंगे।

