ABC News: काकादेव पुलिस ने बीटेक छात्र की आत्महत्या के मामले में ठगी करने वाले सरगना को गिरफ्तार किया है. आपको बता दें कि विजय नगर निवासी संतोष कुमार के बेटे तनय सागर ने बीती 6 मार्च को फांसी लगाकर जान दे दी थी. छात्र के फोन से मिली चैट के मुताबिक नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने उससे 47 हजार रुपए ठग लिए थे. ठग, तनय पर और रुपए देने का दबाव बना रहे थे, जिससे परेशान होकर छात्र ने जान दे दी थी.
इस मामले में पुलिस दो अभियुक्तों को पहले ही पकड़ चुकी है. बताया जा रहा है कि छात्र को जिस नंबर से मैसेज किए गए वह भरथना निवासी आकाश बाबू का था. आकाश व उसके साथी सचिन को पकड़ कर पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि वह दोनों ठगों को सिम उपलब्ध कराने का काम करते थे, जिसके बाद काकादेव पुलिस ने आकाश व सचिन को जेल भेज दिया था. साइबर टीम ने सचिन के मोबाइल का डाटा एनालिसस किया तो पुलिस के हाथों नोएडा में बैठे गिरोह के सरगना का सुराग लगा. पुलिस ने नोएडा सेक्टर–4 स्थित कॉल सेंटर में छापेमारी कर मूलरूप से फर्रुखाबाद, फतेहगढ़ के नंगला पजाबा निवासी अरुण कुमार को गिरफ्तार किया.
एडीसीपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरोह क्विकर एप पर नौकरी के लिए अप्लाई करने वालों को टारगेट करता था. वह कुछ रकम मुहैया करा कर एप से डाटा निकलवाते थे, जिसके बाद कॉल सेंटर में काम करने वाली युवतियों से उनको कॉल कर ठगी का शिकार बनाते थे. आरोपी अरुण थोड़े–थोड़े दिनों में कॉल सेंटर का स्थान बदलता रहता था. वह कॉल सेंटर में काम करने वाली युवतियों को 15 दिन में बदलता रहता था. गिरोह बीते 6 माह में 150 से अधिक लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बना चुके है. आरोपी के पास से 20 सिम, 11 मोबाइल समेत अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं.

