ABC News: नेशनल हाइवे पर भारी वाहनों को तमंचे की नोक पर रोककर उनसे डीजल लूटने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई. शिवराजपुर में हुई इस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि दो बदमाश मौके से फरार हो गए.

एडीसीपी वेस्ट विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार रात अरौल के बकौटी खालवा के पास पुलिस ने जब गिरोह को रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग कर दी. हमले में अरौल थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे टूट गए, इस दौरान वह बाल-बाल बच गए. इसके बाद पुलिस ने आगे के थानों को अलर्ट भेजते हुए बदमाशों का पीछा किया. शिवराजपुर टोल प्लाजा के पास यह बदमाश एक गांव की तरफ जाने लगे, जिस पर शिवराजपुर पुलिस के साथ बदमाशों की घेराबंदी गई.

इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया जबकि दो बदमाश फरार हो गए. पुलिस को कार से तमंचे व डीजल चोरी करने वाले उपकरण मिले है. घायल हुए बदमाश की पहचान फरूर्खाबाद निवासी बदमाश मोनू उर्फ अजमेंद्र के रूप में हुई है. एडीसीपी विजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश हाईवे पर वाहनों से डीजल चोरी करते थे. बदमाशों की कार से दो तमंचे, 11 केन, पंप और एक आरी बरामद हुई है. अन्य की तलाश कराई जा रही है.

