ABC News: हाउस टैक्स के बकाएदारों के खिलाफ नगर निगम अफसरों का एक्शन लगातार जारी है. इसी कड़ी में बुधवार सुबह नगर निगम जोन चार के अफसरों ने मोतीझील स्थित म्यूजिकल फाउंटेन में बने लश गार्डेन रेस्टोरेंट और पार्किंग को सील कर दिया.
सीलिंग के दौरान बड़ी संख्या में कारें अंदर ही रह गईं. नगर निगम अफसरों ने मेन गेट पर सील लगाते हुए किसी के भी अंदर प्रवेश करने पर रोक लगा दी है.
नगर निगम अफसरों का कहना है कि केडीए की इस प्रॉपर्टी पर 21.83 लाख रुपए का टैक्स बकाया है. इसी के चलते रेस्टोरेंट और उसमें संचालित पार्किंग को सील कर दिया गया. हाउस टैक्स का बकाया जमा करने पर सील खोली जाएगी.
वहीं, नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि 800 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष नगर निगम अफसरों ने अब तक 650 करोड़ रूपए की वसूली कर ली है. उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों में रेलवे पर 190 करोड़, सीएसए पर 10 करोड़ और पीडब्लूडी पर छह करोड़ का टैक्स बकाया है. कई सरकारी विभागों के खाते भी सीज किए गए हैं.

