ABC News: चकेरी थानाक्षेत्र के हरजिंदरनगर में दबंगों ने चाय की दुकान में युवक के साथ जमकर मारपीट की. इस दौरान दबंगों ने चाय दुकानदार के ऊपर कट्टे की बट से भी हमला किया. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की यह घटना कैद हो गई. पीड़ित की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी और दो आरोपियों को पकड़ लिया.
पीड़ित का कहना है कि दबंगों को वह जानता तक नहीं है. आरोपियों जब दुकान में घुसे और बोले उसका पूर्व में उन लोगों से विवाद हो चुका है. इस दौरान काफी देर तक आपस में बहस होती रही फिर दबंगों ने हमला बोल दिया. इस दौरान एक और युवक के साथ भी यहां पर मारपीट की गई. घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आते ही चकेरी पुलिस सक्रिय हुई और रविवार दोपहर को दो आरोपियों को हिरासत मेें ले लिया.
इसके बाद पुलिस ने दहशत फैलाने वाले आरोपियों की बीच बाजार परेड भी करायी. आम जनता के बीच दबंगों की दहशत खत्म करने के लिए उन्हें करीब दो किलोमीटर तक पैदल बाजार में घुमाया गया. इस दौरान आरोपी लगातार यह कहते रहे कि वह फिर कभी ऐसा काम नहीं करेंगे.
पूर्व में भी दहशत फैलाने वालों की कराई जा चुकी है परेड
गौरतलब हो कि इससे पहले भी चकेरी पुलिस दहशत फैलाने वाले दबंगों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई कर चुकी है. पूर्व में जब लालबंग्ला में दो गैंग के बीच बमबाजी और फायरिग की घटना हुई थी, तो उसके बाद चकेरी पुलिस ने जब जब घटना से जुड़े अपराधियों को पकड़ा था, तब उनकी सरे बाजार परेड कराई गई थी.

