ABC News: अपने औचक निरीक्षण के जरिए सरकारी विभागों की कार्यशैली से लगातार मुखातिब हो रहे डीएम जितेंंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को उर्सला अस्पताल का जायजा लिया. इस दौरान यहां पर वार्ड में भर्ती मरीजों से न केवल बातचीत की, बल्कि यहां पर नागरिक सुविधाएं किस प्रकार से डेवलप हैं, उनके बारे में भी जाना. पूरे निरीक्षण के दौरान सबसे ज्यादा लापरवाही जिस बात की सामने आयी, उसमे यह था कि उर्सला अस्पताल के डायरेक्टर से लेकर सीएमओ शासन के आदेशों के प्रति लापरवाह बने हुए हैं.
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शासन के आदेश है कि सीएमओ, एडिशनल सीएमओ, डिप्टी सीएमओ आदि अपनी एडमिनिस्ट्रेटिव ड्यूटी के साथ मरीजों को भी देखेंगे लेकिन अभी तक न तो सीएमओ ने और न ही यहां के डायरेक्टर ने मरीजों को देखना शुरू किया है. इसके अलावा पूरे अस्पताल में बहुत सा स्टाफ भी गैर हाजिर मिला.

उर्सला अस्पताल में जगह जगह बैठे तीमारदारों को देखकर भी डीएम ने न केवल उनसे बातचीत की, बल्कि तीमारदारों के बैठने के लिए जगह भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए. हालांकि, बाद में डीएम के निरीक्षण का असर भी उर्सला अस्पताल में देखा गया और यहां पर उर्सला के डायरेक्टर ने ओपीडी में बैठक मरीजों का इलाज भी शुरू किया.

