यूपी विधानसभा चुनाव 2017 के समय पहली बार बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ मंच पर एक युवा चेहरा दिखा था। उस समय बहनजी ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पॉलिटिक्स में लॉन्च किया था। बीते आठ साल के दौरान भतीजे आकाश आनंद को बुआ मायावती ने ना सिर्फ पार्टी में बुलंदियों तक पहुंचाया बल्कि पार्टी में उत्तराधिकारी के तौर पर भी पहचान बनने लगी। लेकिन बीच में ऐसा भी वक्त आया जब 2024 के लोकसभा चुनाव में मंच से आकाश आनंद ज्यादा ही तीखे शब्दों का इस्तेमाल करने लगे तो मायावती अचानक आकाश से खफा हुईं और उनसे सारे पद छीन लिए। हालांकि कुछ ही दिनों में फिर से सभी पद वैसे ही वापस कर दिए गए। लेकिन अब एक बार फिर मायावती की नाराजगी का शिकार आकाश आनंद हो गए और अब सभी पदों से हटाकर बुआ ने भतीजे को पैदल कर दिया है। उन्होंने एक तरह से आकाश के पॉलिटिकल करियर पर ब्रेक लगा दिया है।
2016 में आकाश राजनीति में आए
लंदन से एमबीए की पढ़ाई कर साल 2016 में आकाश आनंद भारत वापस लौटे और सक्रिय राजनीति में आने का फैसला लिया। साल 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहली बार मायावती के साथ सार्वजनिक मंच पर आकाश आनंद दिखे। मायावती के साथ सहारनपुर में एक सभा के दौरान वे नजर आए। उसके बाद मायावती ने लखनऊ में एक बैठक के दौरान उनका परिचय कराया। इसके बाद आकाश आनंद का कद पार्टी में लगातार बढ़ता ही चला गया।
मायावती जी ने भतीजे आकाश आनंद को सभी पदों से हटाया, बोलीं-मेरे जिंदा रहने तक कोई नहीं होगा उत्तराधिकारी..!!
— Anju Yadav (@anjuydv) March 2, 2025
क्या आपको ये फैसला सही लगता है…?? pic.twitter.com/8suI7Bd566
पार्टी में लगातार बढ़ता कद
बसपा में प्रवेश के बाद आकाश आनंद को पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों में शामिल किया गया। उन्होंने बसपा के युवा विंग को मजबूत करने का काम किया और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मायावती ने उन्हें कई रैलियों में आगे कर जनता के बीच एक युवा नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश की।
2024 लोकसभा चुनाव में विवाद
2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान आकाश आनंद ने कई मंचों से आक्रामक भाषण दिए, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान हुआ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने उनके बयानबाजी के तरीके को अनुशासनहीनता माना और नाराजगी जताई। नतीजतन, उन्होंने आकाश से उनके सभी पद छीन लिए। हालांकि कुछ समय बाद उन्हें फिर से जिम्मेदारियां सौंप दी गईं।
एक बार फिर पद छीने गए
अब एक बार फिर मायावती ने आकाश आनंद से सभी पद छीन लिए हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मायावती उनकी कार्यशैली और बयानों से असंतुष्ट थीं, जिसके चलते उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया है। इससे संकेत मिलता है कि फिलहाल बसपा में आकाश आनंद का भविष्य अनिश्चित हो गया है।
बसपा में उत्तराधिकारी की खोज
मायावती के इस फैसले के बाद सवाल उठने लगे हैं कि बसपा में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा? क्या मायावती किसी और नेता को पार्टी का नया चेहरा बनाएंगी या फिर आकाश आनंद को दोबारा मौका मिलेगा? यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन इतना जरूर है कि बसपा में अब नेतृत्व को लेकर नए समीकरण बनने लगे हैं।

