ABC News: कानपुर प्रीमियर लीग का रविवार शाम को धमाकेदार आगाज हुआ. पूरे देश मेें पहली बार जिला स्तर पर आयोजित हो रही किसी प्रीमियर लीग के इस धमाकेदार आगाज में बॉलीवुड के म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अंकित तिवारी ने जैसे ही अपने गीतों को सुनाया, तो ग्रीनपार्क में मौजूद हजारों दर्शक झूम उठे.

‘सनम तेरी कसम’, ‘तेरी ओर चलया’ के बाद जैसे ही उन्होंने अपना सुपरहिट गीत ‘अपने करम की कर अदाएं’ ‘तू है कि नहीं’ और ‘तेरी गलियां’ ‘झूमे जो पठान’ सुनाया, तो ग्रीनपार्क में मौजूद हर दर्शक के कदम थिरकने को मजबूर हो गए. कभी मोबाइल की फ्लैश लाइट तो कभी अंकित के सुरों से सुरों को मिलाकर गीतों को गाना, ग्रीनपार्क की शाम बिल्कुल अलहदा नजर आयी. अपने गृहनगर कानपुर में भी इस परफॉरमेंस को देकर अंकित तिवारी भी काफी उत्साहित नजर आए.

सांसद ने टीमों से परिचय प्राप्त किया
इससे पहले ग्रीनपार्क पहुंचे सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी ने केपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के साथ सभी टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका परिचय प्राप्त किया. इस दौरान विधायक अमिताभ बाजपेयी भी साथ रहे. सांसद रमेश अवस्थी ने केपीएल की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इससे कानपुर के टैलेंट को बड़ा मुकाम मिलेगा और यहां से वह आईपीएल तक के सफर को तय करने में बड़ी भूमिका को निभाएगा. इस दौरान सांसद के साथ केपीएल गवर्निंग काउंसिल के सभी सदस्यों से सभी टीमों के साथ ग्रीनपार्क का चक्कर भी लगाया. यहां पर महाराष्ट्र का पीएसएम बैंड सबसे आगे चलकर अपनी परफॉर्मेंस देता रहा.

प्रिंस ग्रुप ने अपनी प्रस्तुति से जीता दिल
केपीएल के आगाज पर सबसे पहली प्रस्तुति प्रिंस ग्रुप ने दी. गणेश वंदना के साथ शुरू हुई परफॉरमेंस में ‘इंडिया वाले’ गीत पर प्रिंस ग्रुप ने धमाकेदार प्रस्तुति दी. इस दौरान ग्रीनपार्क भी दुल्हन की तरह सजा नजर आया. यहां पर दर्शकों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी पहुंचे.

कानपुर का टैलेंट हासिल करेगा मुकाम
केपीएल की ओपनिंग सेरेमनी से गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यहां से शुरू आत हुई है. कानपुर के टैलेंट को और आगे लेकर जाना है. उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने मिलकर जो प्रयास किया है, वह सामने आ रहा है. उनका मकसद है कि यहां पर जो टैलेंट आए, वो आगे चलकर यूपी प्रीमियर लीग, इंडियन प्रीमियर लीग तक जाए और कानपुर का नाम रोशन करे. उन्होंने कहा कि आगे आने वाले वर्षों में केपीएल को और बेहतर बनाकर और भव्य बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके पहले रॉ टैलेंट को पूरा मौका नहीं मिल पाता था. केपीएल उनके लिए बड़ा मंच है. जब आईपीएल में यहां से टैलेंट जाएगा तो केपीएल का मकसद पूरा होगा

पहले मैच का टॉस सीसामऊ सुपर किंग्स ने जीता
केपीएल के पहले मैच का टॉस सीसामऊ सुपर किंग्स ने जीता और पहले बॉलिंग का निर्णय लिया. सीसामऊ सुपर किंग्स के कप्तान ने कहा कि रात में नमी की वजह से गेंदबाजों के सामने मुश्किल होगी. ऐसे में उनकी टीम पहले बॉलिंग करेगी. आरएलएस गंगा बिठूर के कप्तान ने केपीएल के आयोजन को ऐतिहासिक करार दिया.

