ABC News: कानपुर के शिवराजपुर थानाक्षेत्र में युवक का रक्तरंजित अवस्था में शव मिलने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि युवक बिल्हौर में एक शादी समारोह में गया था. यहीं पर उसके पास उसके दोस्त का फोन आया, जिसने विवाद होने की जानकारी दी थी. परिजनों ने युवक की कार से कुचलकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है.

परिजनों का आरोप है कि मृतक के सिर पर लोहे की रॉड से भी हमला किया गया है. सूचना पर एसीपी समेत फोर्स मौके पर पहुंचकर जांच कर रहा है. शिवराजपुर के बुद्धपुर गांव के पास जिस युवक का शव मिला, उसकी पहचान काकूपुर हलबल गांव निवासी गोविंद पाल के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि गोविंद शनिवार की शाम बिल्हौर में एक शादी समारोह में गया था. वहां से उसे दोस्त आदि यादव का फोन आया. जगतपुर गांव में विवाद होने की सूचना पर वह स्कूटी से वहां गया. रविवार सुबह उसका शव बुद्धपुर गांव के पास सड़क किनारे मिला. मौके पर उसकी स्कूटी और एक अन्य बाइक भी पड़ी थी. वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि रात में दो गुटों के बीच विवाद हुआ था. घटनास्थल पर फायरिंग और वाहनों की टक्कर भी हुई थी.

आरोप है कि एक कार ने जानबूझकर गोविंद को टक्कर मारकर कुचल दिया. इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए, जिन्हें कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों ने गोविंद की हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस का कहना है कि गोविंद को बुलाने वाला दोस्त फरार है और उसका मोबाइल भी बंद है. मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश भी दी जा रही है.

