उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहस और आरोप-प्रत्यारोप का माहौल आम बात है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता अक्सर तीखी नोकझोंक में उलझ जाते हैं, कभी सदन में हंगामा होता है तो कभी वॉकआउट भी देखने को मिलता है। लेकिन कभी-कभी सदन का माहौल हल्का-फुल्का भी हो जाता है, जब नेता चुटीले अंदाज में एक-दूसरे पर तंज कसते हैं। सोमवार को यूपी विधानसभा में कुछ ऐसा ही दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव पर चुटकी ली। वहीं, भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल और सपा विधायक महबूब अली के बीच हुई हंसी-मजाक ने सदन को ठहाकों से भर दिया।
सपा नेता बताएं, क्या कर दूं अस्पतालों पर कार्रवाई?
सदन में समाजवादी पार्टी के विधायक समरपाल सिंह ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से सवाल किया कि क्या सरकार प्राइवेट अस्पतालों पर भी सख्ती करेगी, क्योंकि ये अस्पताल गरीबों को लूट रहे हैं और डॉक्टरों की फीस भी बहुत ज्यादा है। इस पर ब्रजेश पाठक ने जवाब दिया, “प्राइवेट अस्पतालों पर समय-समय पर कार्रवाई होती है, लेकिन आप ही बताइए, क्या सच में ऐसा कर दूं? क्योंकि प्रदेश में कई प्राइवेट अस्पताल सपा नेताओं के भी हैं।” पाठक के इस बयान पर सपा विधायक हंसने लगे, लेकिन जैसे ही उन्होंने आगे ‘नेताजी’ का जिक्र किया, सदन में हंगामा मच गया। सपा विधायक वेल में आकर नारेबाजी करने लगे, जिसके चलते सदन को पौने दो घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा।
‘भला महबूब से कौन नाराज हो सकता है’
सपा विधायक महबूब अली जब अपने भाषण के अंत में थे, तब विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अगले वक्ता को पुकार लिया। तभी भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल ने विधानसभा अध्यक्ष से दो मिनट बोलने की अनुमति मांगी और महबूब अली पर चुटकी लेते हुए कहा, “अध्यक्ष महोदय, जब मैं सदन की कार्रवाई चला रही थी, तब महबूब जी नाराज होकर अपना नाम सूची से काट चुके थे, लेकिन अब उन्हें बोलता देखकर खुशी हुई। कम से कम अब तो वह नाराज नहीं हैं।” इस पर महबूब अली ने एक शायरी पढ़कर जवाब दिया। तब अनुपमा जायसवाल ने मजाकिया लहजे में कहा, “भला महबूब से कौन नाराज हो सकता है?” यह सुनते ही सदन में ठहाके गूंज उठे।
भतीजे चले गए चच्चू वहीं के वहीं… 😂
— कल्पना श्रीवास्तव 🇮🇳 (@Lawyer_Kalpana) February 20, 2025
योगी जी ने विधानसभा में शिवपाल यादव पर कसा तंज, कहा मिल्कीपुर जिताने के लिए चच्चू का धन्यवाद।🔥
बेचारे शिवपाल चच्चू भतीजे पर हँसते रहे 🤣🤣 pic.twitter.com/HdnS1O6D4z
‘पांडेय जी, आप चच्चू को काला नमक नहीं खिलाते?’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर चुटकी लेते हुए कहा, “पांडेय जी, आपने खूब काला नमक चावल का जिक्र किया, आप इसे खूब उगाते भी हैं, लेकिन चच्चू (शिवपाल यादव) को नहीं खिलाते, यह गलत है।” इस पर शिवपाल यादव मुस्कुरा दिए। माता प्रसाद पांडेय ने जवाब दिया, “मुख्यमंत्री जी, मैं शिवपाल जी को भी काला नमक चावल खिलाऊंगा और आपको भी।” योगी आदित्यनाथ ने मजाकिया अंदाज में कहा, “बहुत अच्छा, लेकिन संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना जी को भी खिलाना पड़ेगा।” इस पर माता प्रसाद पांडेय ने हामी भर ली। मुख्यमंत्री ने फिर मजाक में कहा, “लेकिन इनकी डाइट ज्यादा है, ध्यान रखना!” इस टिप्पणी पर सदन ठहाकों से गूंज उठा।
योगी बोले, ‘स्वामी जी, उधर अच्छे नहीं लगते, इधर आइए’
सदन की कार्यवाही के दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय बोल रहे थे, तभी सपा विधायक स्वामी ओइमवेश अपनी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। जब योगी आदित्यनाथ अपने भाषण के लिए खड़े हुए, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “स्वामी जी, आप उधर क्या कर रहे हैं? उधर आप अच्छे नहीं लगते, आपकी जगह इधर है। इधर आइए, सब काम हो जाएगा। चच्चू (शिवपाल यादव) के झुनझुने में आप क्यों फंसते हैं? एक योगी उधर बैठे अच्छे नहीं लगते!” इस पर पूरा सदन हंसी से गूंज उठा।
विधानसभा में ठहाकों का दौर जारी
यूपी विधानसभा का यह सत्र कई मुद्दों पर बहस के लिए जाना जाएगा, लेकिन चुटीले बयानों ने माहौल को हल्का भी कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शिवपाल यादव, माता प्रसाद पांडेय, ब्रजेश पाठक और अन्य नेताओं की हाजिरजवाबी ने सदन को हंसी के ठहाकों से भर दिया। लोकतंत्र में जहां गंभीर बहस की जरूरत होती है, वहीं कभी-कभी ऐसे मजाकिया पल भी माहौल को खुशनुमा बना देते हैं।

