वाराणसी में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में इस बार भक्तों को 32 घंटे तक लगातार दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। मंदिर प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए विशेष गाइडलाइंस जारी की हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
काशी में भक्तों का सैलाब
महाशिवरात्रि के अवसर पर इस साल करीब 15 लाख श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की संभावना है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, प्रयागराज महाकुंभ के कारण पहले से ही हर दिन 7-8 लाख लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जनवरी से अब तक 1.60 करोड़ से अधिक भक्त बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
विशेष दर्शन व्यवस्था
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस बार बाबा विश्वनाथ के दर्शन बिना किसी रोक-टोक के लगातार 32 घंटे तक होंगे। मंदिर के बाहर रोज़ाना 5 किलोमीटर लंबी कतारें लग रही हैं, और लोगों को दर्शन के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है।
मंदिर प्रशासन ने VIP और सुगम दर्शन की सुविधा बंद कर दी है, जिससे आम भक्तों को प्रोटोकॉल दर्शन का लाभ नहीं मिल सकेगा। अनुमान है कि इस बार भीड़ के पुराने रिकॉर्ड टूट सकते हैं, इसलिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ किया गया। मंदिर के सीईओ श्री विश्व भूषण ने धाम में स्थित मनोकामेश्वर महादेव एवं चंद्रगुप्तेश्वर महादेव का विधि-विधान से पूजन कर शास्त्रोक्त विधि से रुद्राभिषेक किया। न्यास के डिप्टी कलेक्टर श्री शंभू शरण ने वैकुंठेश्वर… pic.twitter.com/dpVxr7mdJ0
— Shri Kashi Vishwanath Temple Trust (@ShriVishwanath) February 20, 2025
भक्तों के लिए ज़रूरी गाइडलाइंस
मंदिर में दर्शन के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए प्रशासन ने कुछ महत्वपूर्ण नियम जारी किए हैं:
- प्रतिबंधित वस्तुएं न लाएं – मंदिर परिसर में सिगरेट, पान मसाला, गुटखा, माचिस, पेन, मोबाइल फोन, खैनी, डिजिटल वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र पर प्रतिबंध है।
- इलेक्ट्रॉनिक चाबियां व गैजेट्स न लाएं – यदि आप गाड़ी से आ रहे हैं तो इलेक्ट्रॉनिक चाबी और की-रिंग को भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
- नेकबैंड और ईयरबड्स वर्जित – मंदिर में प्रवेश से पहले इन चीजों को अपने वाहन या होटल में रखकर आएं।
- चेकिंग प्वाइंट पर परेशानी से बचें – यदि कोई प्रतिबंधित वस्तु साथ होगी तो आपको दोबारा लाइन में लगना पड़ सकता है।
- सही स्थान पर पार्किंग करें – प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और किसी भी अवैध पार्किंग में वाहन खड़ा न करें।
- फर्जी गाइड्स से बचें – मंदिर में दर्शन कराने के नाम पर किसी भी ठग के झांसे में न आएं।
सुरक्षा और सुविधाएं
महाशिवरात्रि पर मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। जलपान और चिकित्सा सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
अगर आप भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन का शुभ संयोग प्राप्त करना चाहते हैं, तो मंदिर प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करें और अपनी यात्रा को सफल बनाएं।

