हरिद्वार: धर्मनगरी का अधिकतर क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है। इसलिए रोजाना यहां जंगली हाथी आबादी में घुस रहे हैं। बीती रात एक जंगली हाथी हरिद्वार की हरिपुरकला कॉलोनी में घुस गया। हाथी ने यहां जमकर उत्पात मचाया। रास्ते में खड़ी एक दोपहिया वाहन को तोड़ने का प्रयास किया। हाथी द्वारा बाइक तोड़ने की कोशिश की घटना स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर ली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कॉलोनी में घुसे हाथी ने तोड़ डाली बाइक
वीडियो में साफ तौर से देखा जा सकता है कि कैसे हाथी ने बिना कोई जोर लगाए पहले तो अपनी सूंड से बाइक का कवर हटाया। फिर पैर से बाइक तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि वन विभाग हाथियों को आबादी में घुसने से रोकने का दावा कर रहा है, लेकिन रिहायशी इलाके में इस हाथी की चहलकदमी से सभी दावे हवाई साबित हो रहे हैं।
वन विभाग के दावे फेल
वन विभाग का कहना है कि हाथियों को आबादी में घुसने से रोकने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जंगल से सटे इलाकों में हाथियों का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
स्थानीय लोगों की बढ़ी चिंता
हाथी की इस हरकत से कॉलोनी के निवासियों में भय का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का हल नहीं निकाला गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन और वन विभाग को जल्द से जल्द इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

