ABC News: सजेती के दौलतपुर गांव में पुरानी रंजिश में हुई युवक की हत्या के बाद भी गांव में तनाव छाया रहा. तनाव को देखते हुए यहां पर पीएसी के साथ भारी फोर्स तैनात की गई है. दौलतपुर गांव में गुरूवार को पूरे दिन इसी मामले की चर्चा होती रही. फिलहाल हत्यारोपी के परिवार में सन्नाटा छाया है और पुलिस ने हत्या के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जबकि फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.

बताया जा रहा है कि हत्या के आरोपियों के घर की महिलाओं को भी पुलिस ने दूसरे स्थान पर रखा है. आपको बता दें कि एक दिन पहले दौलतपुर गांव में पुरानी रंजिश में यहां पर रहने वाले रवि यादव की मधुरम त्रिपाठी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद आरोपी मृतक के शव को घसीटता हुआ अपने घर तक ले गया था. करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद जब गांव में भारी फोर्स पहुंची तब पुलिस ने न केवल शव बरामद किया बल्कि आरोपियों को भी गिरफ्तार किया. इस घटना के बाद गुरूवार को पोस्टमॉर्टम हाउस में भी भारी फोर्स तैनात रहा.

यहां पर एमएलसी दिलीप सिंह यादव, पार्षद अर्पित यादव, अरविंद यादव समेत अन्य लोग पहुंचे और रवि यादव के परिजनों से मिले. परिजनों ने सभी को पूरे हत्याकांड के बारे में बताया. इसके बाद एमएलसी ने आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने, परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है. शाम को करीब साढ़े चार बजे पोस्टमॉर्टम होने के बाद चार थानों की फोर्स और भारी सुरक्षा के बीच मृतक रवि यादव के शव को उसके घर के लिए रवाना किया गया.

