ABC News: कानपुर मेें स्वास्थ्य महकमे के क्या हालात है,, इसकी बानगी डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निरीक्षण में देखने को मिल रही है. सीएचसी से लेकर पीएचसी में जहां मरीजों का इलाज ढंग से नहीं किया जा रहा है तो कहीं पर फार्मासिस्ट ही डॉक्टरों की मौजूदगी में बच्चों का इलाज कर रहे हैं. डीएम की तरफ से बार बार सवाल उठाए जाने के बावजूद हालातों में सुधार नहीं दिख रही है.

इसी का एक नजारा रविवार को फिर नजर आया, जब डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह अरबन पीएचसी केपीएम अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे. शासन की तरफ से चलाए जाने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का जायजा लेने के लिए डीएम जब यहां पर पहुंचे तो रजिस्टर पर मरीजों की जो इंट्री दर्ज की गई थी, वह कमोवेश एक जैसी राइटिंग में लिखी गई थी. इस पर जब डीएम को शक हुआ तो रजिस्टर में दर्ज एक मोबाइल नंबर पर उन्होंने कॉल कर पूछा तो सामने वाले शख्स ने बताया कि वह तो अस्पताल तक नहीं आया. इसके बाद जब नोडल अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने यहां पर मौजूद डॉ. दीप्ति गुप्ता से पूछताछ की तो उन्होंने रजिस्टर में मरीजों की फर्जी इंट्री की बात को स्वीकारा. डॉ. दीप्ति गुप्ता ने यहां पर एक-दो नहीं बल्कि 24 मरीजों की फर्जी इंट्री की थी.

इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए नोडल अधिकारी के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की. डीएम ने इसे सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी मानते हुए एक्शन लिए जाने की बात कही. उन्होंने कहा कि वह प्रमुख सचिव स्वास्थ्य से डॉ. दीप्ति गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करने के साथ ही सीएमओ, एडिशनल सीएमओ, नोडल आदि की जिम्मेदारी तय करने की संस्तुति कर रहे हैं. डीएम ने इस बात पर सवाल भी उठाए कि सीएमओ, एसीएमओ आदि को यह सब क्यों नहीं दिख रहा है.

