प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दौरान हुई भगदड़ के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में अब कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। वीवीआईपी पास पूरी तरह निरस्त कर दिए गए हैं और पूरे क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा, प्रयागराज में बाहरी वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है।
मौनी अमावस्या पर भगदड़, 30 की मौत, 60 से ज्यादा घायल
बुधवार तड़के 1 से 2 बजे के बीच मौनी अमावस्या स्नान के दौरान भारी भीड़ के कारण महाकुंभ में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 30 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए। मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई। साथ ही, न्यायिक आयोग गठित कर भगदड़ की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
आज प्रयागराज महाकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार और मुख्य सचिव मनोज कुमार पहुंच रहे हैं। दोनों अधिकारी हालात की समीक्षा करने के बाद अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। इसके अलावा, उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
#प्रयागराज बड़ा अपडेट,
— गहड़वाल साहब (@The_Gaharwar) January 30, 2025
महाकुंभ में भगदड़ की घटना के बाद प्रशासन ने 5 बड़े बदलाव किए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और अव्यवस्था से बचा जा सके।
मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन घोषित – किसी भी वाहन को अंदर जाने की अनुमति नहीं।
VVIP पास रद्द – विशेष पास के जरिए वाहन प्रवेश… pic.twitter.com/aIrpgEtweH
भगदड़ के बाद प्रयागराज में कम हुआ भीड़ का दबाव
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कदम उठाए। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश के बाद अधिकारियों ने महाकुंभ में स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं को तेजी से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। प्रयागराज में भीड़ को कम करने के लिए रोडवेज बसों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई। रायबरेली से प्रयागराज जाने वाली 60 बसों को रोक दिया गया, वहीं लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली बस सेवा भी बाधित कर दी गई।
प्रयागराज के बाहरी इलाकों, खासतौर पर कौशांबी में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई, ताकि शहर में भीड़ और जाम की स्थिति न बने। पुलिस और प्रशासन ने मिलकर श्रद्धालुओं को स्नान के बाद जल्दी से जल्दी ट्रेन और बस स्टेशनों की ओर भेजा। इस तेज़ एक्शन की वजह से रात तक महाकुंभ क्षेत्र में भीड़ का दबाव काफी हद तक कम हो गया।
सीएम का निर्देश – ट्रैफिक कहीं न रुके
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या, वाराणसी, मिर्जापुर और चित्रकूट के जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर संभव उपाय किए जाएं। उन्होंने पांच विशेष सचिवों की तैनाती भी की, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
सीएम ने अधिकारियों से कहा कि महाकुंभ मेला क्षेत्र हो या प्रयागराज से बाहर जाने का मार्ग—कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। पुलिस प्रशासन ने इस आदेश का पालन करते हुए स्नान के बाद श्रद्धालुओं की तेज़ी से रवानगी सुनिश्चित की। रेलवे और बस डिपो पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई।
अब वीवीआईपी पास रद्द, मेला क्षेत्र बना नो व्हीकल जोन
प्रयागराज महाकुंभ में प्रशासन ने वीवीआईपी मूवमेंट पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। अब किसी भी तरह के वीवीआईपी पास को मान्यता नहीं दी जाएगी। सभी सरकारी और निजी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। मेला क्षेत्र में अब सिर्फ पैदल ही प्रवेश किया जा सकेगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है, जहां वाहनों को खड़ा करना अनिवार्य होगा। पार्किंग स्थलों से श्रद्धालु पैदल ही संगम तट तक जा सकेंगे। अधिकारियों को मुख्यमंत्री की तरफ से स्पष्ट निर्देश हैं कि अब किसी भी वीआईपी को विशेष अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि आम श्रद्धालुओं की सुविधा प्रभावित न हो।
सुरक्षा के लिए बढ़ाई गई सख्ती
महाकुंभ में सुरक्षा के लिए अब अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। जगह-जगह ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। स्नान घाटों और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है और अतिरिक्त चिकित्सा दलों की भी तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य और संयम बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। भीड़ को नियंत्रित करने और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
मौनी अमावस्या के हादसे के बाद प्रशासन ने तेजी से कदम उठाते हुए स्थिति को सामान्य कर दिया है। अब महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

