ABC News: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेश्यलिटी हॉस्पिटल का शुक्रवार को स्थापना दिवस मनाया गया. इस दौरान यहां पर आयीं महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा किंजल सिंह ने सुपर स्पेश्यलिटी हॉस्पिटल का जायजा लिया. यहां पर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला और न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह के साथ अस्पताल की वेबसाइट का उन्होंने शुभारंभ किया.
साथ ही एचएएल की ओर से प्रदान किए गए साढ़े चार करोड़ के मेडिकल उपकरणों का भी उन्होंने शुभारंभ किया. इस दौरान अस्पताल की सफाई से लेकर चिकित्सा व्यवस्था से संतुष्ट नजर आयी महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा ने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से यहां पर आने वाले मरीज पहले से ही डॉक्टरों से अपनी अप्वॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे. लिहाजा जब वह अस्पताल में आएंगे तो उन्हें लाइन नहीं लगानी पड़ेगी.
उन्होंने यहां पर मौजूद चिकित्सकों से भी कहा कि वह अप्वाइंटमेंट की शेड्यूलिंग पर जरूर ध्यान दें, जिससे समय पर मरीजों को यहां पर डॉक्टर उपलब्ध हो सकें. इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि सरकारी डॉक्टर किसी तरह की प्राइवेट प्रैक्टिस में लिप्त न हों, अगर कहीं ऐसा मिलता है तो संबंधित के खिलाफ एक्शन तय है.
उन्होंने कहा कि कानपुर का यह हॉस्पिटल 18 जनपदों के मरीजों को सेवाएं दे रहा है. ऐसे में यहां पर बेहतर व्यवस्थाओं से लखनऊ के राम मनोहर लोहिया और केजीएमयू पर भी बोझ कम होगा.

