ABC News: इस समय हर तरफ प्रयागराज मेें हो रहे महाकुंभ की चर्चा जोरों पर है. सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक हर तरफ महाकुंभ के चर्चे हो रहे है. महाकुंभ की वजह से प्रयागराज में इस समय देश विदेश से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. ऐसे में मकर संक्रांति के मौके पर प्रयागराज एक दिन के लिए विश्व का सबसे अधिक आबादी वाला शहर बन गया.

महाकुंभ के प्रथम अमृत स्नान पर्व पर देश विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की वजह से प्रयागराज के खाते में यह उपलब्धि दर्ज हुई. एक दिन के लिए प्रयागराज की आबादी चार करोड़ के आंकड़े को पार कर गई. बताया जा रहा है कि मकर संक्रांति पर यहां 3.50 करोड़ लोगों ने पुण्य की डुबकी लगाई. जिले की आबादी तकरीबन 70 लाख के आसपास है. मकर संक्रांति पर आने वाले श्रद्धालु और प्रयागराज की आबादी को जोड़ लिया जाए तो यह संख्या 4.20 करोड़ हो जाती है. दुनिया में जापान का टोक्यो सर्वाधिक आबादी वाला शहर है. यहां की आबादी 3.74 करोड़ के आसपास है. 2.93 करोड़ आबादी के साथ दिल्ली दूसरे स्थान पर है. इस हिसाब से 4.20 करोड़ आबादी के साथ प्रयागराज एक दिन के लिए विश्व का सबसे बड़ा शहर बन गया.

खास बात यह भी है कि मंगलवार को प्रयागराज की आबादी विश्व के कई देशों से ज्यादा रही. महाकुंभ के प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर 1.75 करोड़ लोगों ने पुण्य की डुबकी लगाई थी. अगर उस आंकड़े को मकर संक्रांति के मौके पर स्नान करने वालों की संख्या से जोड़ा जाए तो यह संख्या 5.25 करोड़ बैठती है. अभी 29 जनवरी को मौनी अमावस्या का स्नान पर्व है. अमावस्या पर छह से आठ करोड़ के बीच श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है. ऐसे में प्रयागराज 29 जनवरी को भी विश्व में सर्वाधिक आबादी वाला शहर बनने जा रहा है.
सर्वाधिक आबादी वाले विश्व के पांच शहरों की अनुमानित आबादी
टोक्यो – 3.74 करोड़
दिल्ली – 2.93 करोड़
शंघाई – 2.63 करोड़
साओ पाउलो – 2.18 करोड़
मैक्सिको सिटी – 2.16 करोड़

