ABC News: भाजपा में मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधि की सूची सामने आने के बाद जो असंतोष के स्वर उभरे थे, वह रविवार को आक्रोश के रूप में सामने आए. बताया जा रहा है कि मंडल अध्यक्षों के चुनाव में कुछ ऐसे भी नाम थे, जिन्होंने आवेदन तो मंडल अध्यक्ष के लिए किया था, लेकिन उन्हें जिला प्रतिनिधि बना दिया गया.

पद में समायोजन की इस राजनीति को पार्टी के कार्यकर्ता हजम नहीं कर पाए और रविवार को उन्होेंने नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में जमकर हंगामा किया. बताया जा रहा है कि जिस समय नवीन मार्केट स्थित कार्यालय में चुनाव अधिकारी संगम लाल गुप्ता बैठे थे, उसी समय जिला प्रतिनिधि बनाई गईं ज्योति पासवान, पार्षद विकास साहू, चंद्रकांत द्विवेदी समेत अन्य लोग पहुंच गए और जमकर आक्रोश जताया. इस दौरान चुनाव अधिकारी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुते रखे हुआ बुके भी भेंट किया. पहले तो चुनाव अधिकारी समझ नहीं पाए और बुके ग्रहण कर लिया लेकिन जैसे ही उनके नजर बुके के अंदर रखे जूतों पर गईं, उन्होंने उसे वापस कर दिया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष के चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए यहां पर जमकर नारेबाजी की, उन्होंने कहा कि चुनाव के नाम पर कार्यकर्ताओं के साथ धोखा किया गया है और अपने अपने चेहरों को फिट करा दिया गया है. इस दौरान चुनाव अधिकारी लगातार कार्यकर्ताओं को शांत कराते रहे लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वहां से चले गए.

