ABC News: श्री राणी सती दादी परिवार मंगल समिति के रजत जयंती मंगल महोत्सव पर कलश यात्रा निकाली गई. सिरकी मोहाल स्थित मंदिर परिसर में विधि विधान से पूजन के बाद श्री राणी सती दादी के विग्रह को फूलों से सजे आकर्षक रथ में विराजमान किया गया.
यहां पर राजस्थानी वेशभूषा में सजी 361 महिलाएं मंगल कलश को सिर पर रखकर नंगे पैर पूरे यात्रा मार्ग में चलीं. शोभायात्रा में भजनों की रसधार के बीच निशान ध्वज को लेकर भी भक्तों का उत्साह चरम पर दिखा.
शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान की झांकियां चल रही थीं. इस दौरान नागपुर से आए शिव गर्जना बैंड का भी यात्रा मार्ग में आकर्षण देखने को मिला. इस बैंड में बड़ी संख्या में युवतियां भी शामिल थीं.
जिन्होंने बड़े बड़े ढोल बजाकर अपनी परफॉरमेंस से सभी को अचंभित कर दिया. वृंदावन लॉन मालरोड तक पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ. समिति पदाधिकारियों ने बताया कि कल से यहां पर मंगल पाठ समेत अन्य अनुष्ठान होंगे.

इसके अलावा विभिन्न शहरों से आने वाले भजन गायक भजनों की रसधार बहाएंगे.

