ABC News: गुजरात के पोरबंदर में हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए कैप्टन सुधीर यादव का पार्थिव शरीर मंगलवार दोपहर कानपुर में उनके श्यामनगर स्थित आवास पर पहुुंचा. श्यामनगर स्थित आवास पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया तो यहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ पड़ी.
कैप्टन सुधीर यादव का शव देखते ही परिजनों में भी कोहराम मच गया, यहां पर बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोगों की भी भीड़ जमा हो गई यहां पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी पहुंचे और शहीद कैप्टन सुधीर यादव को उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित किये. इससे पहले एडीएम सिटी राजेश कुमार भी शहीद के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया.
पति के शव के पास पत्र रख बोलीं जज पत्नी- वी आर प्राउड ऑफ यू सुधीर
गुजरात के पोरबंदर में हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए कैप्टन सुधीर यादव का पार्थिव शरीर पर जब उनके श्यामनगर स्थित आवास पर आया, तो एक मौका ऐसा भी आया, जब हर किसी की नजरें उनकी जज पत्नी पर एकटक टिक गईं. शहीद कैप्टन सुधीर यादव को जब श्रद्धासुमन अर्पित करने की बारी आयी तो यहां पर हाथ में फूलों की माला लिए उनकी जज पत्नी आवृत्ति की आंखों से आंसु थमने का नाम नहीं ले रहे थे. बार-बार कर वह रो-रोकर यह यह कहती हुईं नजर आयीं कि वी आर प्राउड ऑफ यू सुधीर. तुमने अपनी नौकरी के लिए सर्वस्व बलिदान कर दिया. इस दौरान उन्होंने अपने पति के पार्थिव शरीर के पास एक लेटर भी रखा. यह लेटर उन्होंने सुधीर के पास रखते हुए कहा कि प्लीज इसे जरूर पढ़ लेना. इस दौरान यहां मौजूद लोगों से भी उन्होंने इस बात का निवेदन किया कि यह लेटर सुधीर के पार्थिव शरीर के साथ ही रहने दिया जाए. यहां पर सुधीर की मां का भी रो रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों ने बताया कि श्यामनगर में अंतिम दर्शन के बाद सुधीर के शव को एयरफोर्स स्टेशन ले जाया जाएगा. इसके बाद बुधवार सुबह उसे सुधीर के पैतृक गांव कानपुर देहात के मैथा स्थित हरकिशनपुर ले जाया जाएगा. इसके बाद बिठूर में गंगा घाट पर राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा.

