ABC News: चकेरी थानाक्षेत्र के अहिरवां में मामूली विवाद में दबंग ने पान की दुकान चलाने वाले युवक के साथ ऐसी मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई. युवक की मौत के बाद परिवार के लोगों ने जमकर हंगामा किया. चकेरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि अहिरवां के यादव नगर में रहने वाले हर्ष कुमार विश्वकर्मा की पुराने एयरपोर्ट के पास पान की दुकान है. चचेरे भाई विकास ने बताया कि रविवार रात मवइया मोड़ निवासी दबंग इशू यादव भाई की दुकान पर आया और हर्ष से सिगरेट मांगी. सिगरेट देने में देरी हो गई तो ईशू ने गाली-गलौज शुरू कर दी. इसका विरोध करने पर बात इतनी बढ़ गई कि दबंग ईशू यादव ने दुकानदार हर्ष को दुकान से खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान दुकान में लगा कांच टूट गया और इसकी चपेट में आने से दुकानदार हर्ष की गर्दन में गंभीर चोट आ गई. हर्ष काे लहूलुहान देखकर आरोपी ईशू मौके से भाग निकला.

इलाके के गंभीर रूप से घायल हर्ष को कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया. हैलट में देर रात उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इससे आक्रोशित परिवारीजनों ने हैलट में हंगामा शुरू कर दिया. सूचना पर एडीसीपी ईस्ट मनोज पांडेय, चकेरी थाना प्रभारी अशोक दुबे समेत कई थानों का फोर्स हैलट पहुंचा. एडीसीपी ईस्ट मनोज पांडेय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी ईशू यादव के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है. हत्यारोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमों को लगाया गया है.

