ABC News: कोहना थानाक्षेत्र में रहने वाले शहर के चर्चित उद्योगपति को फोन पर धमकी मिली है. पान मसाला क्षेत्र के चर्चित उद्योगपति को यह धमकी अलग अलग मोबाइल नंबरों से तीन बार मिले, जिसमें धमकी देने वाले शख्स ने व्यापार ढंग से करने और सुरक्षित रहना है कि धमकी दी. उद्योगपति की तहरीर पर कोहना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है.

बताया जा रहा है कि पार्वती बांगला रोड निवासी दीपक खेमका एक पान मसाला प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक हैं. उद्योगपति दीपक खेमका ने दर्ज एफआईआर में बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने घर से फैक्ट्री जा रहे थे उसी दौरान उनके मोबाइल पर एक फोन आया. फोन करने वाले ने कहा कि अगर आपको व्यापार ठीक से करना है, और सुरक्षित रहना है तो जो मोबाइल नंबर दे रहा हूं उस पर संपर्क करो. उनके अनुसार उन्होंने दिए नंबर पर फोन नहीं किया. जिसके बाद दिए गए मोबाइल नंबर से तीन बार उनके पास कॉल आई. इस पर उद्योगपति ने उन्हें साफ मना कर दिया कि रुपये की कोई भी डिमांड पूरी नहीं कर पाएंगे. उद्योगपति के अनुसार मना करने पर धमकी दी गई कि तुमने फोन पर मना करके अच्छा नहीं किया. अब तुम देखोगे कि क्या होता है. इसके बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया. मामला उद्योगपति का होने के कारण शहर के कारोबारियों को इस बात की भनक लग गई, जिसके बाद पुलिस अफसरों के फोन भी बजने लगे. इसके बाद उद्योगपति की तहरीर पर कोहना पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि उद्योगपति की तहरीर के आधार पर नाम छुपाकर आपराधिक धमकी देना और जबरन वसूली की धारा में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है. तीन अलग-अलग नंबरों से कॉल आया है, जिस पर उनकी कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

