ABC News: चकेरी थानाक्षेत्र के सनिगवां में खेतों में रविवार को मानव अवशेष मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया. इस बीच, यहां पर एक गुमशुदा हुए युवक के परिजनों ने आशंका जताई कि उन्हें बेटे की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया है.
परिवारीजनों का आरोप है कि गांव के खेत से मृतक की चप्पल और कपड़े मिले, उसके पास ही शव मिट्टी में दफन था और यहां पर श्वान गड्ढे को खोदने में जुटे हुए थे. आरोप है कि सुबह सूचना देने के बाद भी शाम तक फोरेंसिक टीम नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. सड़क पर पेड़ों की डालियां डालकर जाम रास्ता बंद कर दिया गया. इस सूचना पर मौके पर डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया.
बताया जा रहा है कि परिजनों ने जिस युवक पर आरोप लगाया, पुलिस ने जब उसे हिरासत में लिया, तो उसे शव को दूसरी जगह पर गाड़ने की बात कही. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस दूसरी जगह खुदाई करा रही है. सनिगवां के रहने वाले सुजीत कुशवाहा का कहना है कि उसका भाई अजीत कुशवाहा 20 दिसंबर की दोपहर से लापता है.
इसको लेकर चकेरी थाने में गुमशुदगी लिखने के लिए तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया, इसके बाद वह लोग खुद अजीत की तलाश में जुटे हुए थे. इसी तलाश के दौरान रविवार को खेत में अजीत की चप्पल और खून से सने कपड़े बरामद हुए.
इस पर जब चकेरी पुलिस को सूचना दी गई तो फोरेंसिक टीम आने के बाद शव को बाहर निकालने की बात कही गई लेकिन जब शाम तक फोरेंसिक टीम मौके पर नहीं पहुंची तो हंगामा शुरू हो गया

