ABC News: किदवईनगर थानाक्षेत्र के बारादेवी नटवनटोला में देर रात दो पक्षों के बीच विवाद में जमकर पथराव हुआ. पथराव की इस घटना से यहां रहने वाले लोगों में इतनी दहशत फैल गई कि उन्होंने अपने घरों के खिड़की दरवाजे तक बंद कर लिए. काफी देर तक चले इस उपद्रव की सूचना पाकर जैसे ही पुलिस पहुंची तो पथराव करने वाले दबंग मौके से भाग निकले.
हालांकि, पथराव की पूरी घटना यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, नटवनटोला के राजीव गांधी पार्क में बड़ी संख्या में युवाओं का जमघट लगता है, जो अक्सर यहां पर जुआं खेलते है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जुएं में हार जीत के विवाद में यह लोग गाली गलौच करते हैं. देर रात भी जुएं के विवाद में यहां पर लोग गाली गलौच कर रहे थे, जिसका उन लोगों ने विरोध किया. इसके थोड़ी देर बाद बड़ी संख्या में युवकों का जमकर मोहल्ले में आ धमका और बिना कुछ सोचे समझे पथराव करना शुरू कर दिया.
यह देखकर दहशतजदा लोग अपने घरों में छिप गए और पुलिस को सूचना दी. देर रात से सुबह तक पुलिस ने यहां पर कई लोगों को अपनी हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवकों से पुलिस पूछताछ करने में जुटी है.

