ABC News: संभल के बाद कानपुर में भी मुस्लिम क्षेत्रों में बंद मंदिरों को खोलने की कवायद शुरू हो गई है. इसको लेकर एक तरफ जहां सनातन मठ मंदिर रक्षा समिति के पदाधिकारियोें ने पेंचबाग में तीन मंदिरों को खुलवाकर वहां पर साफ सफाई शुरू कर दी है, वहीं शनिवार को महापौर प्रमिला पांडेय भारी फोर्स के साथ बेकनगंज में सुनहरी मार्केट पहुंची और यहां पर बंद पड़े मंदिर का जायजा लिया.
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले नगर निगम ने मुस्लिम क्षेत्रों में सर्वे किया था, जिसमें करीब सवा सौ मंदिर ऐसे मिले थे, जो बंद पड़े हुए हैं. बताया गया कि बेकनगंज क्षेत्र में सुनार वाली गली में एक दर्जन से अधिक मंदिर हैं. सभी पर कब्जे हो गए हैं. मंदिर परिसर पर कब्जा कर आगे शटर लगा दिया गया था. यही नहीं, यहां पर काफी ज्यादा गंदगी भी फैला रखी गई थी. महापौर ने एडीसीपी पूर्वी राजेश श्रीवास्तव के साथ बंद पड़े मंदिरों का जायजा लिया.

इस दौरान स्थानीय दुकानदारों को महापौर ने निर्देश दिए कि वह अपने अवैध कब्जों को समेट लें, इसलिए वह पहले से ही बता रहीं हैं. महापौर ने कहा कि इसके बाद नगर निगम का दस्ता यहां पर अवैध कब्जों को हटाएगा, अगर कब्जे मिली तो कार्रवाई होगी. महापौर ने कहा कि यहां पर एक कुआं भी था, जिसे पाट दिया गया है. महापौर ने मंदिर से मूर्तियां गायब होने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मंदिरों में जिन्होंने अवैध कब्जे कर लिए हैं, उन्हें खाली करना होगा, मंदिरों को खुलवाकर यहां पर पूजा शुरू की जाएगी.

