ABC News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस नेता और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा. सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस की नेता फिलिस्तीन लिखा बैग लेकर चल रहीं हैं. सीएम ने कहा कि कल कांग्रेस की एक नेत्री फिलिस्तीन का बैग लेकर घूम रही थी और हम यूपी के नौजवानों को इज़राइल भेज रहे हैं.
सीएम ने कहा कि कल कांग्रेस की एक नेत्री संसद में फिलिस्तीन का बैग लेकर घूम रही थीं जबकि हम यूपी के नौजवानों को इजराइल भेज रहे हैं.यूपी के अबतक लगभग 5600 से अधिक युवा इजराइल गए हैं निर्माण कार्य के लिए जहां उन्हें रहने खाने की फ़्री व्यवस्था और डेढ़ लाख महीने की तनख्वाह मिल रही है. सीएम ने कहा कि इजराइल के राजदूत आये थे. उन्होंने बोला कि यूपी के नौजवानों की स्किल बहुत अच्छी है. हम और लोगों को इजराइल ले जाएंगे. विपक्ष द्वारा मुद्दा तथ्यहीन था.सरकार की नीति नियत साफ है. इसी का परिणाम है कि 12 लाख से ज्यादा नौजवानों को स्किल कुशल किया गया. बता दें कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को संसद में फिलिस्तीन लिखा एक बैग लेकर पहुंचीं थीं. उनके इस बैग को लेकर अब सियासत तेज हो गई है. एक और भाजपा नेताओं ने प्रियंका गांधी पर सवाल खड़े किए हैं, तो दूसरी और कांग्रेस समेत कई विपक्षी नेताओं ने उनका बचाव किया है.

विपक्ष का मतलब सिर्फ बुराई करना नहीं-सीएम
विपक्ष का मतलब सिर्फ बुराई करना नहीं. अच्छे को अच्छा भी कहिए. अच्छा कहेंगे, अच्छा करेंगे तो आगे अच्छा मिलेगा.प्रदेश में किसी भी नौजवान के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं है.। कहा कि युवा पढ़ाई करे के बाद खुद को असहाय न महसूस करे. खुद को आत्मनिर्भर समझे. सरकार इसके लिए बराबर कदम उठा रही है.
वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के माध्यम से रोजगार सृजन
आज वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के माध्यम से रोजगार सृजन किया जा रहा है. आज 120 चीनी मिलें प्रदेश में चल रही हैं. इनमें से 100 मिलें 8-10 दिन में भुगतान कर रही हैं. सबसे ज्यादा चीनी मिले यूपी में हैं. सबसे ज्यादा रोजगार पैदा करने वाला प्रदेश यूपी है.
अधिक से अधिक इन्वेस्ट लाना हमारा उद्देश्य-सीएम
आज हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश में अधिक से अधिक इन्वेस्ट आए. ताकि युवाओं को नौकरी मिल सके. आज यूपी में सुरक्षा की भावना जाग्रत हुई है. एमएसएमई के माध्यम से लोगों को प्रशिक्षित किया जा रहा. जगह-जगह रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं.
भर्ती प्रक्रिया में कोई खामी नहीं-सीएम
एक समय वो था जब फर्जी डिग्री वाला उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन का अध्यक्ष बन गया था. आज भर्ती प्रक्रिया में कोई खामी नहीं. आज पारदर्शिता पर कोई अंगुली नहीं उठा सकता. पुलिस विभाग में 1.70 लाख पदों पर भर्ती की जा चुकी है. प्रदेश के सभी जिलों के युवा उसमें चयनित हुए हैं. इसके अलावा स्वास्थ्य, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों में भर्ती की गई है. सभी भर्तियां बिना किसी भेदभाव के की गई हैं.69 हजार शिक्षक भर्ती पर कहा कि सामान्य के लिए 34 हजार पदों में भर्ती होना था. सिर्फ 20 हजार पदों पर भर्ती हुई. आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाकर राजनीति की जा रही है. पहले की सरकारों में भर्जी डिग्री के आधार पर भर्ती कर दी जाती थी. आज यह नहीं हो रहा है. सरकार ने शिक्षकों की भी भर्ती की है. माध्यमिक शिक्षा परिषद में भी 40 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संपन्न की जा चुकी है. माध्यमिक, उच्च, तकनीकि शिक्षा के लिए चयन बोर्ड बनाने की प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही उनमें भी भर्ती की जाएगी.

