ABC News: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में संत समाज ने अपनी आवाज बुलंद की है. इसके विरोध में बांग्लादेशी हिंदु रक्षा समिति का गठन कर 10 दिसंबर को बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया गया है. सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कानपुर के प्रमुख मंदिरों के पुजारियों ने 10 दिसंबर को बड़ा चौराहा पर धरना देकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देने की बात कही है.
यही नहीं, साधु संतों ने हिंदुओं से इस दिन चार घंटे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने की भी अपील की है. उन्होंने कहा कि बड़ा चौराहा पर आयोजित होने वाले धरने में कम से कम 10 हजार लोग शामिल होंगे. प्रेस कांफ्रेंस में शामिल पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र दास, बालयोगी अरूण चैतन्यपुरी महाराज, आनंदेश्वर मंदिर के महंत अरूण भारती महाराज आदि शामिल हुए. उन्होंने कहा कि बांगलादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर वैश्विक समुदाय खामोश बैठा हुआ है.
उन्होंने कहा कि वहां पर हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के अलावा महिलाओं से रेप, धर्मस्थलों पर हमला कर देवी देवताओं की मूर्तियों तोड़ी जा रही हैं. ऐसे में भारत सकरार को भी इन घटनाओं पर अपना कड़ा प्रतिरोध दर्ज कराना चाहिए.

बांग्लादेशियों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का विरोध करते हुए भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने आवाज उठाई है. पार्षद दल के नेता ने पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर कानपुर में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को चिंहित कर उन्हें यहां से वापस भेजने की मांग की है. अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए भाजपा पार्षद दल नेता नवीन पंडित ने कहा कि बांग्लादेश के निर्माण में भारत के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि जिस तरह से बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार हो रहा है. उससे वह लोग काफी आहत हैं. भाजपा पार्षद ने कहा कि कानपुर में सरायमीता, पनकी, गौशाला, दादानगर, लाल कॉलोनी समेत अन्य स्थानों में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए रह रहे हैं. भाजपा पार्षद ने इन सभी के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर वापस भेजने की मांग की है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो वह लोग बांग्लादेशियों को यहां से खदेड़ने का काम करेंगे.

